रायगढ़

रामायण पोस्टर से विधायक गायब, मतभेद कहीं ले न डूबे कांग्रेस को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 27 मई। भूपेश सरकार द्वारा आयोजित रामायण महोत्सव से जहां कांग्रेस अपनी अलग छवि बनाकर विरोधी दल भाजपा से इस मुद्दे को छिनने के साथ-साथ अगले चुनाव में फिर सरकार बनाने को लेकर कवायद में जुटी है। वहीं स्थानीय कांग्रेसी नेताओं के गुटबाजी के किस्से भी रोज नए कलेवर के साथ जनता के सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को एक कांग्रेसी नेता की होर्डिंग ऐसी ही कहानी बयां करती नजर आई, जिसमें कांग्रेस के नेता, विधायक यहां तक कि पार्षद का फोटो भी लगा है, लेकिन स्थानीय विधायक की फोटो गायब है।
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के लिए लगाए गए इस होर्डिंग को स्थानीय कांग्रेस नेता और अगले चुनाव में विधायक उम्मीदवार के बड़े दावेदार शंकर अग्रवाल द्वारा लगाया गया है। इनके होर्डिंग में लैलूंगा, खरसिया, धर्मजयगढ़ तक के विधायकों का फोटो है लेकिन रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक का फोटो गायब है।
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब बड़े होर्डिंग्स से विधायक की फोटो गायब की गई है, इससे पहले भी यह सब हुआ है लेकिन चूंकि यह बड़ा कार्यक्रम है और इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप दिया जा रहा है ऐसे में होर्डिंग से विधायक की फोटो गायब होना, स्थानीय स्तर पर गुटबाजी की बड़ी कहानी बता रहा है। वहीं दूसरी ओर सत्ताधारी पार्टी के संगठन में मतभेद की ओर भी इशारा कर रहा है। इससे पार्टी को लेकर गलत संदेश ही जा रहा है।
हालांकि इस होर्डिंग को पार्टी के बजाय रामलीला समिति का होर्डिंग बताया गया है लेकिन फिर भी जिले के तमाम विधायकों को उसमें जगह दी गई है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि सिर्फ एक विधायक की फोटो क्यों गायब है।
हालांकि इससे पहले भी स्थानीय विधायक प्रकाश नायक को लेकर कई नेता अलग अलग मंचों पर नाराजगी जताते रहे हैं। इसे पहले भी कई बार कई होर्डिंग्स में उन्हें जगह नहीं दी जाती रही है लेकिन अब जबकि चुनाव नजदीक है और पार्टी एकजुट होकर चुनाव लडने का दावा कर रही है, इस तरह के होर्डिंग्स विरोधी पार्टी भाजपा के लिए एक और बड़ा मुद्दा है जिसे वे अच्छी तरह से भूना सकते हैं। कांग्रेस की गुटबाजी कई बार सतह और सडक़ पर दिखती रहती है और उनके कथित एकता की पोल खुलती रही है।
बहरहाल अब देखना यह है कि आने वाले और कितने होर्डिंग्स से विधायक का फोटो गायब किया जाएगा। क्या दावेदारों के पोस्टर और होर्डिंग्स में विधायक अपनी जगह नहीं बना सकेंगे ?