रायगढ़

राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कलाकार करेंगे शिरकत, प्रवेश नि:शुल्क
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 28 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर रायगढ़ के रामलीला मैदान में 1 से 3 जून राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का विराट आयोजन होने जा रहा है। जिसकी तैयारियां जोर-शोर से जारी है।
स्थानीय रामलीला मैदान में तीन दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव के लिये विशाल पंडाल तैयार हो गया है और यहां आने वाले दर्शकों के बैठने के लिये विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ रामलीला देखने के लिए किसी भी प्रकार का पास जारी नहीं किया जा रहा है, बल्कि जिले के हर दर्शक के लिये प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।
यह पहला अवसर होगा, जब छत्तीसगढ़ संस्कृतिक विभाग की तरफ से भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और उसमें देश व विदेश के नामचीन कलाकार शिरकत कर रहे हैं।
ऐसी रहेगी कार्यक्रम की रूपरेखा
तीन दिवसीय आयोजन में पहले दिन महोत्सव की शुरुआत होगी, जिसमें प्रतिभागी दलों का मार्च पास्ट होगा। दोपहर 3 बजे से रामायण मंडलियों की प्रस्तुति शुरू होगी। शाम में इंडियन आइडल फेम प्रसिद्ध सिंगर्स शन्मुख प्रिया और शरद शर्मा की परफॉर्मेंस होगी।
2 जून की दोपहर तीन बजे रामायण मंडलियां प्रस्तुति देंगी। शाम को प्रसिद्ध गायक बाबा रघुवंशी और भजन गायक श्री लखबीर सिंह लक्खा का कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम के समापन 3 जून को दोपहर 3 बजे मंडलियों की अंतिम प्रस्तुतियां होंगी। शाम 6 बजे केलो महाआरती और दीपदान का कार्यक्रम होगा। जिसके पश्चात प्रख्यात कवि कुमार विश्वास रामकथा कहेंगे और प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर के भजनों की प्रस्तुति होगी। रामायण महोत्सव में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा।
रामलीला मैदान का लिया जायजा
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने सभी अधिकारियों को लेकर रामलीला मैदान का जायजा लिया। यहां उन्होंने मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, दर्शक दीर्घा की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिथियों और कलाकारों के आगमन, मंचीय प्रदर्शन के दौरान की व्यवस्था को लेकर भी निर्देशित किया।