रायगढ़

कार्रवाई के अभाव में ट्रांसपोर्टरों की मनमानी जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 31 मई। जामगांव के पास कृषि भूमि पर स्लैग डस्ट डालने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रोज कई गाडियों से यहां स्लैग डस्ट डाला जा रहा है। इससे कई एकड़ जमीन बंजर होने के कगार पर है। प्लांटों से केवल फ्लाई एश ही उत्सर्जित नहीं होता। स्टील प्लांटों से निकलने वाला स्लैग भी ठोस अपशिष्ट होता है। इसका निराकरण भी सही तरीके से नहीं किया जाता। मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ तहसील के जामगांव में बस्ती के पास मैदान से थोड़ी सी दूरी पर कृषि भूमि पर हजारों टन स्लैग डस्ट डाला जा रहा है।
इस जगह पर विशाल पेड़ भी हैं। कृषि भूमि के बाद यहां जंगल है। जंगल के बीच भी स्लैग डस्ट को डाला जा रहा है। इसके लिए कोई अनुमति ही नहीं ली गई है। गाड़ी संख्या सीजी-10 सी 6036 को यहां स्लैग डस्ट डालते हुए देखा गया। एक उद्योग से ट्रांसपोर्टर के माध्यम से स्लैग खपाने का काम शुरू किया है। प्लांट परिसर में स्लैग जमा हो गया था इसलिए अवैध तरीके से ठिकाने लगाया जा रहा है।