रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 मई। छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर खिलाडिय़ों को जारी होने वाले प्रमाण पत्रों का संधारण आनलाईन करने तथा प्रमाण पत्रों की वैधानिकता के प्रमाणीकरण हेतु नीति तैयार करने सहित खेल संघों के लिये रेग्यूलेटरी बनाने के संबंध में आज खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा की अध्यक्षता में राज्य खेल संघों के महासचिव एवं सचिवों की बैठक संपन्न हुई।
खेल संचालनालय में आयोजित इस बैठक में खेल संघों के पदाधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्रों की वैधानिकता की पुष्टि तथा प्रमाण पत्रों का आनलाईन संधारण करने हेतु सर्वसम्मति से नीति बनाने की सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में सहमति के आधार पर निर्णय लिया गया कि एनआईसी के माध्यम से आनलाईन पोर्टल तैयार करने की कार्यवाही खेल संचालनालय द्वारा की जायेगी। इसके साथ ही रेग्युलेटरी व नीति तैयार करने के लिए संचालनालय द्वारा समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। जिसमें खेल संघों के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। यह समिति नीति प्रारूप (ड्राफ्ट) तैयार कर संचालक को प्रस्तुत करेगी।