बस्तर

दलपत सागर का पानी चुराने की घटना गंभीर व शर्मनाक- आलोक
06-Jun-2023 6:15 PM
दलपत सागर का पानी चुराने की घटना गंभीर व शर्मनाक- आलोक

गहन जांच कर दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 6 जून। भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि ऐतिहासिक दलपत सागर से पानी चोरी किये जाने का मामला बेहद गंभीर है। बस्तर के इस विशाल सरोवर को बचाने व संवारने शासन-प्रशासन द्वारा नाना प्रकार के प्रयास कर करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं, वहीं नाक के नीचे से दलपत सागर का पानी चुराने की घटनाएं हो रही हैं। इसमें नगर निगम की लापरवाही व संदिग्धता से इंकार नहीं किया जा सकता।

 मोतीलाल नेहरू वार्ड के भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने इस मामले में सवाल खड़ा करते हुए कहा कि बिना वरदहस्त के ऐसा कृत्य संभव नहीं है। यह मामला अभी प्रकाश में आया है। दलपत सागर से पानी चुराने का यह खेल लंबे समय से जारी है,ऐसा कहा जा रहा है।

भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि दलपत सागर की सफाई के लिये, उसके किनारों में की जा रही साज सज्जा के लिये नगर निगम का अमला तैनात रहता है। विशाल सरोवर में फैली जलकुंभी को निकालने का काम वीड हार्वेस्टिंग मशीन से सुबह से शाम तक निरंतर हो रहा है।

इन सभी के बीच दलपत सागर से दिन दहाड़े पंप लगा कर लाखों लीटर पानी की चोरी हो रही है। यह सब बातें कई तरह के संदेह की ओर इशारा करती है।

पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि ऐतिहासिक दलपत सागर बस्तर की धरोहर है। जिसकी देखरेख व सुरक्षा अत्यंत जरुरी है। विशाल सरोवर से पानी चुराने का कृत्य बेहद शर्मनाक है।

 दलपत सागर की प्रथम जि़म्मेदारी नगर निगम की है, बेहतर होगा कि इस संबंध में महापौर जवाबदारी से सामने आकर जवाब दें।

 साथ ही इस घटना की गहनता से अविलंब जांच हो और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। जिससे यह संदेश प्रसारित होगा कि धरोहरों से खिलवाड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news