बस्तर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 7 जून। भारतीय जनता पार्टी के चल रहे महा जनसंपर्क अभियान में दो दिनी बस्तर प्रवास पर आये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है।
श्री साव ने कहा है कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में कांग्रेस की भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ की हर वर्ग की जनता को ठगा है और धोखा दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने घोटालों की श्रृंखला गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार व घोटालों का गढ़ बना दिया है। प्रदेश की जनता भी त्रस्त हो चुकी है, जिसने आगामी चुनाव में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
आज दोपहर में जगदलपुर से दंतेवाड़ा रवाना होने के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कांग्रेस के कुशासन के साढ़े चार साल में प्रदेश का विकास ठप हो गया है, अवरूद्ध हो चुके विकास कार्यों से बस्तर भी अछूता नहीं है। शराब घोटाला, गोठान घोटाला, चांवल घोटाला, लोहा घोटाला, घोटालों की लम्बी फेहरिस्त कांग्रेस सरकार ने बना डाली है। जिसको लेकर प्रदेश की आमजनता में नाराजग़ी स्पष्ट दिख रही है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकता पूरे समर्पण भाव से आगामी चुनाव की तैयारियों में पसीना बहा रहा है, विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी।
भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान पर श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ वर्ष कुशलता से पूरे हुए हैं। नौ वर्ष का कार्यकाल भारत के लिये युगपरिवर्तन कारी रहा है।
केन्द्र की मोदी सरकार ने जनकल्याण की अनेक योजनायें चलायी, जिसका लाभ भारत के जन जन को मिला है। महा जनसंपर्क अभियान में भाजपा घर घर पहुँच कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों को बताएगी और जनता से सीधे संवाद स्थापित कर रही है।