बस्तर

नौ वर्ष में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ- गिरिराज
09-Jun-2023 9:20 PM
नौ वर्ष में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ- गिरिराज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 9 जून।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल में भारत ने विकास की नई ऊचांईयों को छुआ है, विदेशों में भी भारत की साख मजबूत हुई है। आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया का नेतृत्व आज भारत कर रहा है। 

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भारत को ताकत देने का काम प्रधानमंत्री श्री मोदी की कुशल नीतियों ने किया है। मज़बूत हिन्दुस्तान का विदेशी देश झुक कर सम्मान कर रहे हैं। 

भाजपा जिला कार्यालय में आहुत पत्रकार वार्ता में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बीते नौ वर्ष में मोदी सरकार के निरंतर कार्यों से देश की दशा और दिशा बदल गई है। विकास, निर्माण, आमजन का जीवन, रोजगार सभी में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत का जीडीपी में योगदान 2014 में 2.6 प्रतिशत था, जो आज 3.2 प्रतिशत हो गया है। देश के बजट में तीन गुना ईजाफा हुआ है। एक्सपोर्ट 2014 में 19 लाख करोड़ था, वर्तमान में करीब 75 लाख करोड़ तक पहुँच गया है। पहले प्रति दिन 10 से 11 किमी सडक़ का निर्माण होता था, अब 38 से 40 किमी सडक़ प्रतिदिन बन रही है। विदेशी मुद्रा कोष पूर्व में 37 बिलियन डॉलर था, जो आज 87 बिलियन डॉलर हो चुका है। 

श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ को मनरेगा में पहले 11 हजार करोड़ रुपये मिले थे, नौ वर्ष में मोदी सरकार ने 25 हजार करोड़ रुपये मनरेगा के लिये दिये है। जिसमें 18 हजार करोड़ मौजूदा प्रदेश कांग्रेस सरकार के समय दिये गये हैं। श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना में 10 लाख गरीब परिवारों का हक छिनने का काम किया है, कांग्रेस की ऐसी सोच पर तरस आता है। बस्तर की भूमि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों आरंभ हुई आयुष्मान कार्ड योजना में अभी बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 10 लाख आयुष्मान कार्ड संचालित हो रहे हैं, जिनका लाभ बस्तरवासियों को मिल रहा है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news