कोरिया

नम आंखों से दी विदाई
बैकुंठपुर, 25 जून। कोरिया जिले के सोनहत की घुघरा निवासी शांति तिवारी का ब्रेन हेमरेज से गत दिवस निधन हो गया। इससे पहले अपने हौसले के दम उन्होंने कैंसर पर विजय हासिल कर ली थी, किंतु इस बार वो जिंदगी की जंग हार गई।
शांति तिवारी ने बैकुंठपुर गल्र्स हायर सेकेंडरी स्कूल से प्रथम श्रेणी में 11वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थीं। उन्होंने रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की थी। बिलासपुर से उन्होंने शिक्षा स्नातक किया था।
वनांचल इलाकों में शिक्षक की भूमिका में कार्य करते हुए प्रधानपाठक के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। इस बीच श्रीमती तिवारी लगातार धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में संलग्न रहीं। शांति तिवारी के पिता स्व त्रिपुरारी पांडेय जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं।
स्व. शांति तिवारी अपने जीवन काल में कई धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में सक्रिय रहीं। वे एक प्रगतिवादी विचारों की महिला होने के कारण नारी उत्थान के प्रयासों में सदैव लगी रहती थीं। हाल में ही उनके नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सेवानिवृत्त महिला कर्मचारियों का सम्मान कार्यक्रम रखा गया था। शांति तिवारी के निधन से कोरिया जिले में शोक व्याप्त है।