जान्जगीर-चाम्पा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 24 जुलाई। जिले के अकलतरा थाने में तीन दिन के भीतर टोनही प्रताडऩा के दो मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों घटनाओं में छह आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि दो फरार हैं।
पहली घटना 18 जुलाई की है। पुलिस के मुताबिक ग्राम पड़रिया के आरोपी सूरज कुमार कंवर (20 वर्ष) का भाई मोहन बिना बताये घर से कहीं चला गया है। वह अपने कुछ साथियों को लेकर पीड़ित महिला के घर पहुंचे और उससे गाली गलौच की। उन्होंने आरोप लगाया कि वह टोनही है और उसने भाई के साथ जादू-टोना किया है, जिसके चलते वह घर से गायब हो गया है। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट भी की।
पीडि़त महिला की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने आईपीस की धारा 506, 323, 34 तथा टोनही प्रताडऩा अधिनियम की धारा 4, 5, 6 के तहत अपराध दर्ज कर दो आरोपी सूरज कुमार तथा हेम प्रसाद गोंड को गिरफ्तार किया है। उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
20 जुलाई की दूसरी घटना में पीड़ित महिला अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी बीच मोहल्ले का सौरभ सिंह बरगाह वहां पहुंचा और महिला से गाली गलौच करने लगा। उसने आरोप लगाया कि उसने उसकी छोटी बहन पर जादू-टोना कर दिया है, जिसके चलते उसकी दिमागी हालत बिगड़ गई है। पीड़ित महिला को आरोपी खींचते हुए अपने घर तक लाया। यहां उसके परिजन शिव सिंह, शंकर सिंह और त्रिलोक सिंह बरगाह ने भी उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने टोनही प्रताडऩा अधिनियम और आईपीसी की धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।