गरियाबंद

हिंदी दिवस : अक्षर ज्ञान पर जागरूकता अभियान, स्वयंसेवकों ने निकाली रैली
15-Sep-2023 3:35 PM
हिंदी दिवस : अक्षर ज्ञान पर जागरूकता अभियान,  स्वयंसेवकों ने निकाली रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 15  सितंबर। समीपस्थ ग्राम पिपरौद में सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना, रेडक्रॉस, रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वाधान में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया साथ ही गाँव के अशिक्षित जन को अक्षर ज्ञान कराया गया।

ब्लैकबोर्ड में अंक एवं अक्षरों की पहचान कराते हुए उन्हें लिखकर दोहराने का अभ्यास कराया गया जिससे उनकी झिझक दूर की गई। ग्रामीणों ने बच्चों की तरह ऊंचे स्वर में पहाड़ा पढक़र सुनाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेखराम साहू सेवानिवृत्त प्रधानपाठक विद्या मंदिर ने कहा कि आज भारत हिन्दी से ही पहचाना जाता है। आज विश्व के किसी भी कोने में जाए वहां अंग्रेजी के विपरीत हिंदी अवश्य लिखी जाती है। राष्ट्रभाषा के साथ-साथ देश के सभी न्यायालयीन एवं अन्य घटक के कार्य हिन्दी में ही संपन्न होते हैं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आर.के. रजक ने कहा कि आज हम बोलचाल में अंग्रेजी मिश्रित हिन्दी का प्रयोग बहुतायत कर अपनी भाषा का अपमान कर रहे हैं। हिन्दी हमारे देश का सम्मान व राष्ट्र का गौरव है। महाविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रो. रवि कोठारी ने स्वयंसेवकों व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी पूर्ण रूप से वैज्ञानिक भाषा है आज दुनिया के अनेक देशों के विश्वविद्यालयों में हिंदी भाषा को अनिवार्य रूप से पढ़ाया जा रहा है। बढ़ती हुई तकनीकी और मीडिया में हिंदी भाषा सर्वाधिक लोकप्रिय हो रही है। कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्वयंसेवकों ने मन की भाषा प्रेम की भाषा, हिंदी है भारत जन की भाषा, शर्म नहीं सम्मान है हिंदी ही हमारा अभिमान है, ताल से ताल मिलाए जा हिंदी को आगे बढ़ाए जा, ईस्ट हो या वेस्ट हिंदी इस द बेस्ट, सबसे प्यारी सबसे न्यारी हिंदी से हम हिंदी है हमारी, पढऩा है पढ़ाना है हिंदी को आगे बढ़ाना है ऐसे ही अनेक नारों से ग्राम पिपरौद को गुंजायमान किया।

चौक-चौराहों पर स्वंयसेवकों के द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में किशन साहू, पुनीत सेन, आधारराम साहू, गणमान्य नागरिक, पालय, चित्ररेखा, शारदा, त्रेता, स्नेहा, वैभव त्रेता, नवदीप, दीपेश, मानसी, सानिया, सरिता, भोपेश, माधुरी, अभिषेक, दीपक, तारिणी, नितेश, डिकेश, परमानंद, देविका, आगेश यशवंत सहित 62 स्वयंसेवकों की भागीदारी रही। कार्यक्रम संचालन कुशल साहू एवं आभार प्रर्दशन वरिष्ठ स्वयंसेवक धनेन्द्र साहू ने किया। उक्त कार्यक्रम डॉ. आर.के.रजक के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news