रायगढ़

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में फैली गंदगी
18-Sep-2023 3:48 PM
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में फैली गंदगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़ 18 सितंबर। रायगढ़ नगर निगम में इन दिनों प्लेसमेंट के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल में है जिसके चलते शहर के चारों तरफ गंदगी ही गंदगी फैली हुई है। इतना ही नहीं रायगढ़ शहर पूरी तरह डेंगू की चपेट में आ चुका है। अब तक तीन सौ से अधिक डेंगू के मरीज मिलने के बाद भी निगम के अधिकारियों का गंभीर नहीं होना कलेक्टर को भारी नागवार गुजरा है। उन्होंने चेतावनी जारी करते हुए शहर के लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं करने की चेतावनी देते हुए दोषी अधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किये हैं।

लगातार हड़ताल के कारण शहर में फैलती डेंगू बीमारी को रोकने तथा बढ़ती गंदगी से जनता का बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर जिला कलेक्टर तारण सिन्हा ने आज छुट्टी के बावजूद भी एक आवश्यक बैठक लेकर निगम के अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई।

बैठक में प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद दूसरी व्यवस्था को रोकने वाले कर्मचारियों के उपर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए यहां तक कहा कि अगर कोई शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतता है तो उसके उपर एफआईआर तक दर्ज की जाएगी। आज की बैठक में कलेक्टर तारण सिन्हा ने इस बात को गंभीरता से लिया कि जिला मुख्यालय में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं और इसके उपर गंभीरता से ध्यान नही दिया गया तो हर वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ते चली जाएगी और इसे रोक पाना असंभव हो जाएगा।

बैठक में जिला कलेक्टर तारण सिन्हा ने निगम आयुक्त सुर्यवंशी को कड़े शब्दों में कहा कि हडताली कर्मचारी अगर दूसरे कर्मचारियों का काम रोकते हैं या व्यवस्था में रूकावट बनते हैं तो उनसे कड़ाई से निपटा जाये, उनका कहना था कि प्लेसमेंट सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर वे आज भी गंभीर है और उनसे चर्चा करके इस बात की जानकारी भी दी गई है कि उनकी जो भी जायज मांग हो वह प्रशासन गंभीरता के साथ सुनकर पूरी करेगा लेकिन स्थाई नौकरी या अन्य बड़ी मांग राज्य सरकार की पहल पर निर्भर करता है और ऐसे में प्लेसमेंट कर्मचारियों को आगे आकर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। बैठक में यहां तक कहा गया कि हड़ताली कर्मचारियों की जगह नये अस्थाई सफाई कर्मचारियों को लगाकर शहर की गंदगी को साफ करने की पहल जोर शोर से शुरू हो ताकि शहर की जनता को गंदगी मुक्त शहर मिले।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news