बलौदा बाजार

जानलेवा साबित हो रहा कसडोल-पिथौरा-महासमुंद मार्ग
19-Sep-2023 8:44 PM
जानलेवा साबित हो रहा कसडोल-पिथौरा-महासमुंद मार्ग

अत्यधिक गड्ढे से ग्रामीणों ने किया आक्रोश व्यक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 19 सितंबर। बलौदाबाजार कसडोल-पिथौरा और कसडोल-महासमुंद मार्ग सहित क्षेत्र के कई गांवों को जोडऩे वाली सडक़ काफी जर्जर होने से राहगीर परेशान हैं। लोगों ने शीघ्र मरम्मत करने की मांग की है।

कसडोल से व्हाया सिरपुर होकर महासमुंद जाने वाला और कसडोल से पिथौरा मार्ग दोनों मुंबई-कोलकाता नेशनल हाईवे को जोड़ते हैं, जो काफी जर्जर हैं। जबकि कसडोल में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ का कार्यालय है। इस मार्ग में छोटे-बड़े सैकड़ों गड्ढे से चालक परेशान हैं। एक गड्ढे से बचो तो दूसरा गड्ढा सामने आ जाता है, जिसके कारण करीब साठ किमी की रास्ते को तय करने में दो घंटे से ज्यादा का समय लग जाता है।

बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना हो रही हैं। कसडोल महासमुंद मार्ग पर ग्राम बोरसी निवासी राजेंद्र यादव, मिला राम यादव ने बताया कि इस मार्ग पर ग्राम कोसम सरा, अर्जुनी, बलदा कछार व अवरई सहित दर्जनों गांव के लोगों को रोजाना कसडोल जाना पड़ता है। रास्ता जर्जर होने के कारण परेशानी होती है। कसडोल-पिथौरा मार्ग में भी करीब 50 किमी दूरी तक कसडोल विकासखंड में आने के कारण इधर के गांवों के लोगों को रास्ता खराब होने के साथ ही बीच में जंगली रास्ता और घाटी पडऩे के कारण कई दिक्कत होती है।

मरम्मत के लिए टेंडर हो गया है- एसडीओ

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग संभाग बलौदाबाजार के एसडीओ पीके गुप्ता ने बताया कि मरम्मत का टेंडर हो गया है। कार्य जल्द शुरू हो जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news