दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 20 सितंबर। पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय ने मीडिया को जानकारी में बताया कि मानसून के बावजूद भी पुलिस का तलाशी अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला आरक्षी बल और बस्तर फाइटर का संयुक्त दल सबसे बड़ा और सुकमा के सीमावर्ती क्षेत्र की ओर रवाना हुआ था। जहां नक्सलियों का प्रशिक्षण कैंप संचालित था। नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलियां चलाई। इसके जवाब में पुलिस ने भी मुंहतोड़ कार्रवाई की।
मुठभेड़ में दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान दो शव बरामद किए गए। इनमें मलांगीर एरिया कमेटी अंतर्गत एसीएम रैंक के समक्ष कमांडिंग इन चीफ लखमें प्रमुख है। उक्त नक्सली लीडर पर राज्य शासन द्वारा 5 लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था। यह नक्सली किरंदुल थाना अंतर्गत चोलनार गांव की निवासी है।
इसी कड़ी में एक अन्य मृतक नक्सली लीडर कुमारी मंगली के रूप में पहचानी गई है। यह नक्सली हार्डकोर लीडर विमला के अंगरक्षक के रूप में कार्यरत थी। इसके ऊपर राज्य शासन द्वारा 2 लाख रुपए का का पुरस्कार घोषित किया गया था। श्री राय के मुताबिक अरनपुर में हुए नक्सली विस्फोट में भी उनकी भागीदारी से इंकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन और डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर भी मौजूद थे।