रायगढ़

जिला भाजपा की गुटबाजी व अंतर्कलह आई सामने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 सितंबर। जिला भाजपा की गुटबाजी और अंतर्कलह आई सामने, रायगढ़ के आउटर से ही निकाल दी यात्रा, न तो लोग दिखे न ही कार्यकर्ताविधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने 6 महीने पहले से ही चुनावी बिगुल फूंक दिया है।
भाजपा लगातार कार्यकर्ताओं को विभिन्न क्रिया-कलापों, बैठक, प्रदर्शन व नवाचार में व्यस्त रखे हुए है। 15 साल की सत्ता खोने के बाद सत्ता पाने के लिए भाजपा एक बार फिर से आक्रमक रूख अपनाये हुए हैं।
जिस उद्देश्य से भाजपा संगठन ने यह परिवर्तन यात्रा निकाली है उसका एक प्रतिशत भी रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में फलीभूत नहीं हुआ। यह महज एक रस्मअदायगी और फोटो खिंचाऊ इवेंट बनकर रह गया। अभी भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं को समेटना है क्योंकि मोदी जी के कार्यक्रम की टीस अभी उनमें भी बाकी है।
परिवर्तन यात्रा के रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वागत से पहले केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री रामेश्वर तेली, प्रदेश भाजपा के महामंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया था जिसमें दोनों ही नहीं पहुंचे।
हालांकि उनकी जगह आये विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता नालिनीश ठोकने की प्रेसवार्ता का रायगढ़ के करीब 30 पत्रकारों ने बहिष्कार कर दिया।
हालांकि टिकट के दावेदारों ने ओपी की धमक के बाद भी अपनी आस नहीं छोड़ी है क्योंकि उन्हें पता है कि रायगढ़ सीट से दावेदार की घोषणा होने में अभी समय है और भारतीय जनता पार्टी में आधिकारिक तौर पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इसी बात को लेकर अंतर्कलह और गुटबाजी भी भाजपा संगठन में हावी है।