राजनांदगांव

16 अक्टूबर तक 300 खिलाडिय़ों के प्रदर्शन का लुत्फ उठाएंगे खेलप्रेमी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। वेस्ट जोन सब जूनियर राष्ट्रीय बालिका एवं बालक हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन राजनांदगांव में आगामी 9 से 16 अक्टूबर तक किया जा रहा है। उक्त राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का दायित्व छत्तीसगढ़ हॉकी को मिला है। उक्त चैम्पियनशिप में वेस्ट जोन से 7 राज्य राजस्थान, गोवा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात तथा दमनदीव (नागर हवेली) की टीमें भाग लेगी। प्रतियोगिता उक्त राज्यों की टीमों से 300 से अधिक बालक एवं बालिका हॉकी खिलाड़ी, निर्णायक, कोच मैनेजर, सलेक्टर आदि भाग लेंगे। हॉकी इंडिया ग्रासरूट् से हॉकी को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की हॉकी प्रतियोगिता पहली बार करा रहा है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि हॉकी इंडिया और छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा विगत वर्ष 2011 व 2016 में हॉकी की दो बार जूनियर बालक/बालिका राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप राजनांदगांव में, 2016 रायपुर में और सब-जूनियर राष्ट्रीय बालक हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन 2019 रायपुर और बिलासपुर तथा हाल ही में विगत माह 16 से 26 मार्च 2023 को वेस्ट जोन जूनियर बालक/बालिका राष्ट्रीय प्रतियोगिता राजनांदगांव में कराने के बाद, अब हॉकी इंडिया और छत्तीसगढ़ हॉकी के द्वारा एक बार फिर हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले शहर राजनांदगांव में आगामी 9 से 16 अक्टूबर तक एक साथ बालक एवं बालिका दोनों वर्ग का वेस्ट जोन राष्ट्रीय सब जूनियर हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। वेस्ट जोन राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप में राजस्थान, गोवा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात तथा दमनदीव (नागरहवेली) की बालक और बालिका हॉकी टीम भाग लेगी । इस प्रतियोगिता 7 टीमों में 300 से अधिक बालक व बालिका हॉकी खिलाड़ी एवं ऑफिशियल भाग लेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि राजनांदगांव में इस प्रतियोगिता से जुडे सभी कार्यों की तैयारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला प्रशासन, हॉकी छत्तीसगढ़ तथा जिला हॉकी संघ द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। खिलाडिय़ों के आवास व्यवस्था, भोजनस्थल, ट्रांसपोर्ट आदि से लेकर आयोजन के लिए सभी आवश्यक बिंदुओं का अवलोकन कर आगे की कार्य योजना की तैयारी जोरों से की जा रही है।
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि हॉकी इंडिया ने ग्रास रूट से हॉकी को आगे बढ़ाने इस वर्ष से पहली बार सब जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप को चार जोन में विभाजित किया है। चारों जोन में पडऩे वाले राज्यों का आपस में अलग-अलग प्रतियोगिता आयोजित होगी और इन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे टीमों से बेस्ट खिलाडिय़ों को चयनित कर एक टीम बनाई जाएगी। यह चयनित टीम इंटर जोन प्रतियोगिता में भाग लेगी।
इंटर जोन प्रतियोगिता में सभी जॉन से एक-एक टीम के अलावा साई से 02 टीम तथा देश के विभिन्न हॉकी अकादमी से चयनित 02 टीम सहित देश के कुल आठ टीम भाग लेगी। प्रतियोगिता से भविष्य की भारतिय जूनियर हॉकी टीम के लिए खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने जिला हॉकी संघ के कार्यकरिणी सदस्यों की बैठक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में संपन्न की गई। जिसमें टूर्नामेंट से संबंधित कार्यो के बारे में जानकारी दी गई।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि टूर्नामेंट में लगभग 26 लाख रुपए का अनुमानित व्यय होगा तथा बहुत जल्द ही स्टेडियम में ब्राडकास्टिंग के काम के लिए ओडिसा की टीम राजनांदगांव आएगी। जिला हॉकी संघ के उपाध्यक्ष एवं आयोजन सचिव भूषण साव ने हॉकी नर्सरी के सभी खेलप्रेमियों से आयोजन को सफल बनाने हेतु सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अजय झा, ज्ञानचंद जैन, गणेश प्रशाद शर्मा, रणविजय प्रताप सिंग, अशोक मेहरा, प्रकाश शर्मा, नीलमचंद जैन, हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ हॉकी के कोषाध्यक्ष आशा थामस, अब्दुल कादिर, महेंद्र सिंह, गुणवंत पटेल, मोहम्मद जावेद, साई के कोच अमित माथुर, शकील अहमद, दीपक यादव, अभिनव मिश्रा, राजेश निर्मलकर, खुशाल यादव, हारून खान, तौफीक अहमद, कृष्णा यादव, आदि उपस्थित थे।