दुर्ग
जांच में जुटी पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 नवंबर। सराफा कारोबारी के सूने मकान का ताला तोडक़र अज्ञात चोर नगदी व सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 30 लाख की चोरी कर निकल भागे हैं। जब पूरा परिवार एक शादी समारोह में दुर्ग गया, तभी चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया।
स्मृति नगर चौकी पुलिस ने बताया कि सराफा व्यवसाई त्रिवेणी नगर निवासी अनय कुमार सांगाणी (53 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 22 नवंबर की सुबह 8 बजे वह अपने परिवार के साथ शिवनाथ नदी दुर्ग स्थित रोमन पार्क विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। 24 नवंबर की सुबह 11.50 बजे घर लौटे तो देखा कि मेन गेट का दरवाजा खुला है और अंदर सभी कमरों के दरवाजा और आलमारियों का ताला टूटा हुआ मिला। चोरों ने पूरा सामान बिखेरा था। घर से सोने-चांदी के जेवरात और कैश गायब मिले। घर की अलग-अलग अलमारियों में रखे 8 जोड़ी सोने की चूड़ी, 2 सोने का नेकलेस, एक सोने का मंगलसूत्र, 2 जोड़ी सोने का झुमका, 2 सोने का ब्रेसलेट, 2 सोने की चेन, 5 सोने की अंगूठी सहित 3 जोड़ी डायमंड टाप्स, एक नेकलेस, एक डायमंड अंगूठी, चांदी के बर्तन और नगद करीब 2 लाख 20 हजार की चोरी हुई है। शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।