कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 10 जनवरी। असीम राय का निधन उनके परिवार ही नहीं हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है। वनमंत्री केदार कश्यप ने असीम राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। भाजपा नेता, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष असीम राय की अज्ञात हमलावारों ने गोली मारकर पखांजुर बाजार चौक में हत्या कर दी।
केदार कश्यप ने कहा कि असीम राय जैसे निष्ठावान कार्यकर्ता का चले जाना बहुत ही दुखद है। वे अभी हाल के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के चुनाव संचालक थे। उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिला है। उनके साथ हम सबने मिलकर कार्य किया है। जिस प्रकार से असीम राय की गोली मारकर हत्या की गई, यह कायरतापूर्ण कृत्य है। इस घटना की सभी पहलुओं पर सूक्ष्मता से जांच पड़ताल की जाएगी। जो भी इस घटना में संलिप्त हैं ऐसे दोषियों पर कठोर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने कहा कि असीम राय की नृशंस हत्या भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है ।
अभी कुछ दिन पहले ही उन्होंने मेरे चुनाव संचालक के रूप में साथ में काफी वक्त बिताया है। उनकी हत्या परलकोट क्षेत्र में भाजपा परिवार के लिये अत्यंत ही दुखदायी है। भाजपा परिवार दुख की इस घड़ी में स्व श्री राय के परिवार के साथ खड़ी है।
आज उनकी अंत्येष्टि में वन मंत्री केदार कश्यप, प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन साय, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय विधायक विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, बस्तर संभाग सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, लोकसभा सांसद मोहन मंडावी व कांकेर विधायक आशाराम नेताम के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया, जिला महामंत्रीद्वय बृजेश चौहान, दिलीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में प्रदेश, जिला, मण्डल व परलकोट के भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।