दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 17 फरवरी। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह का समापन गुरुवार को किया गया। जिला मुख्यालय स्थित लक्ष्य के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सर्वप्रथम यातायात कार्यालय से स्कूली छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली निकाली गई। रैली बस स्टैंड तक भ्रमण करने के पश्चात पुन: यातायात कार्यालय पहुंची। इस दौरान छात्रों ने सुरक्षा संबंधी नारे लगाए।
इसके उपरांत सडक़ सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया। आपातकाल में तत्काल सेवा देने वाले चिकित्सक टिकेंद्र देवांगन को पुलिस अधीक्षक कृष्ण चंद्राकर द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया। इसी कड़ी में यातायात संबंधी प्रश्नोत्तरी में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। उक्त स्पर्धा के विजेता विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। एनसीसी अधिकारी मगन मिंज को भी उनके योगदान हेतु सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यातायात प्रभारी सुशील नौटियाल और सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी सहित यातायात अमला प्रमुख रूप से मौजूद था।