बस्तर

वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहा भारत- केदार कश्यप
25-Feb-2024 10:01 PM
वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहा भारत- केदार कश्यप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर/नारायणपुर, 25 फरवरी।
वनमंत्री केदार कश्यप ने रविवार को नारायणपुर विधानसभा अंतर्गत भाजपा मंडल भानपुरी के गांव सोनारपाल के परिवारजनों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी जी के मन की बात की सुनी। 

मंत्री कश्यप ने मन की बात के 110वें संस्करण सुनने के बाद कहा कि वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वन्य जीवों को बचाने टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। वहीं आज देश में ड्रोन दीदी की चर्चा हो रही है। महिलाएं प्राकृतिक खेती कर रही है। पीएम मोदी जी ने देशवासियों से कहा कि कुछ दिनों बाद 8 मार्च को हम महिला दिवस मनाएंगे। यह विशेष दिन देश की विकास यात्रा में नारी शक्ति के योगदान को प्रणाम करने का अवसर है। महान कवि भरतियार जी ने कहा है कि दुनिया तभी समृद्ध होगी, जब महिलाओं को समान अवसर मिलेंगे।

प्राकृतिक खेती को विस्तार दे रही महिलाएं
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जिसमें देश की नारी-शक्ति पीछे रह गई हो। एक और क्षेत्र जहां महिलाओं ने अपनी नेतृत्व क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया है, वो है प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और स्वच्छता। केमिकल से हमारी धरती मां को जो कष्ट हो रहा है, जो पीड़ा हो रही है, जो दर्द हो रहा है, हमारी धरती मां को बचाने में देश की मातृशक्ति बड़ी भूमिका निभा रही हैं। देश के कोने-कोने में महिलाएं अब प्राकृतिक खेती को विस्तार दे रही हैं।

वन्य जीवों के साथ बिठाया जा रहा तालमेल
मन की बात कार्यक्रम को लेकर वनमंत्री केदार ने बताया कि पीएम मोदी छोटी से छोटी बातों का सूक्ष्म अवलोकन करते हैं। आज हम सबके जीवन में तकनीक का महत्व बहुत बढ़ गया है। मोबाइल फोन, डिजिटल गैजेट्स हम सबकी जिन्दगी का अहम हिस्सा बन गए हैं। डिजिटल गैजेट्स की मदद से अब वन्य जीवों के साथ तालमेल विकसित करने में मदद मिल रही है। कुछ दिन बाद, 3 मार्च को विश्व वन्य जीव दिवस है। इस दिन को वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व वन्य जीव दिवस की थीम में डिजिटल नवाचार को सर्वोपरि रखा गया है।

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि पीएम मोदी ने कहा, देश के कोने-कोने में महिलाएं अब प्राकृतिक खेती को विस्तार दे रही हैं। आज अगर देश में जल जीवन मिशन के तहत इतना काम हो रहा है तो इसके पीछे पानी समितियों की बहुत बड़ी भूमिका है। इस पानी समिति का नेतृत्व महिलाओं के ही पास है। इसके अलावा भी बहनें-बेटियां, जल संरक्षण के लिए चौतरफा प्रयास कर रही हैं।

ड्रोन की मदद से वन्यजीव संस्थान में मिल रहा काफी मदद
पीएम ने कहा, आज युवा उद्यमी भी वन्य जीव संरक्षण और पारिस्थितिकी पर्यटन के लिए नए-नए नवाचार सामने ला रहे हैं। उत्तराखंड के रुडक़ी में रोटर प्रिसिशन ग्रुप ने भारतीय वन्यजीव संस्थान के सहयोग से ऐसा ड्रोन तैयार किया है, जिससे केन नदी में घडिय़ालों पर नजर रखने में मदद मिल रही है। इसी तरह बेंगलुरु की एक कंपनी ने बघीरा और गरुड़ नाम का ऐप तैयार किया है। बघीरा ऐप से जंगल सफारी के दौरान वाहन की गति और दूसरी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है।

 देश के कई टाइगर रिजर्व में इसका उपयोग हो रहा है। एआई और इंटरनेट पर आधारित गरुड़ ऐप को किसी सीसीटीवी से जोडऩे पर वास्तविक समय की चेतावनी मिलने लगती है। वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में इस तरह के हर प्रयास से हमारे देश की जैव विविधता और समृद्ध हो रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news