कोण्डागांव

मृत नवजात शिशु के लिए 10 घंटे शव वाहन का इंतजार
27-Feb-2024 10:38 PM
 मृत नवजात शिशु के लिए 10 घंटे शव वाहन का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 27 फरवरी। कोण्डागांव के जिला अस्पताल से अमानवीय घटना सामने आई हैं। कोण्डागांव के जिला अस्पताल में 26 फरवरी की दोपहर लगभग 11.50 बजे प्रसव पीड़ा से एक महिला को दाखिल किया गया। महिला ने लगभग 12.30 बजे मृत शिशु को जन्म दिया। लेकिन 10 घंटे के बाद भी मृत नवजात शिशु को अपने घर ले जाने के लिए शव वाहन की व्यवस्था नहीं हो पाई।

‘छत्तीसगढ़’ के हस्तक्षेप के बाद रात लगभग 10.45 बजे परिजनों के लिए शव वाहन की व्यवस्था की गई। इस पूरी घटनाक्रम के दौरान परिजनों को लगभग 10 घंटे अपने मृत नवजात शिशु के शव को लेकर इधर-उधर भटकना पड़ा।  जिला अस्पताल में इस मामले पर कोण्डागांव जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आरसी ठाकुर ने कहा कि, ड्यूटी में मौजूद कर्मचारियों के विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोण्डागांव जिला के मर्दापाल थाना क्षेत्र अंतर्गत पदनार गांव निवासी मंगल मंडावी (28) की पत्नी सुखबती मंडावी (25) को 26 फरवरी की सुबह लगभग 10 बजे प्रसव पीड़ा हुई। प्रसव पीड़ा के चलते मंगल व अन्य परिजनों ने सुखबती को सुबह लगभग 11 बजे मर्दापाल के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे।

यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कोण्डागांव के जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान सुखबती ने दोपहर लगभग 12.30 बजे मृत बच्चों को जन्म दिया। अधिक रक्तस्राव के कारण सुखबती को जिला अस्पताल से हायर सेंटर भी रेफर कर दिया गया। इधर रात लगभग 10.45 बजे तक मृत नवजात बच्चे के लिए शव वाहन की व्यवस्था नहीं हो पाई।

परिजन बुधनी मंडावी ने जानकारी देते हुए बताया कि, दोपहर लगभग 12.30 बजे सुखबती मंडावी ने मृत बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद रिश्तेदार बुधनी मंडावी ने स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से शव वाहन को संपर्क किया, लेकिन शव वाहन कुछ समय में पहुंचने की बात करते हुए परिवार को इंतजार करवाया गया। यह इंतजार देखते देखते मिनट और मिनट से घंटो में बदल गया। इस तरह परिवार अपने मृत मासूम को घर ले जाने के लिए 10 घंटा भटकते रहे।

मामला तूल पकडऩे पर दूसरे शव वाहन की व्यवस्था

मामला तूल पकड़ता देख जिला अस्पताल के अधिकारियों के द्वारा लगभग 10 घंटे के बाद विकासखंड माकड़ी अंतर्गत संचालित शव वाहन की व्यवस्था की गई। जो रात लगभग 11 बजे मर्दापाल के पोहमर के लिए जिला अस्पताल से रवाना हुई।

जारी किया जाएगा ड्यूटी कर्मचारियों को नोटिस

इस घटना पर कोण्डागांव के सिविल इस डॉ. आरसी ठाकुर ने कहा कि, घटना काफी गंभीर है। इस पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसी घटना की पूर्णवित्ती ना हो इन बिंदुओं को ध्यान में रखकर दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news