रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 मार्च। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही बैठा। सरगुजा और बिलासपुर में आज सुबह से वातावरण बदल चुका है। सुबह से बारिश होने की वजह से तापमान में गिरावट आई है। यह बारिश सूरजपुर में 7.3, कोरिया में 6.7, बिलासपुर और सरगुजा में 3.7 और जशपुर में 3 मिमी दर्ज की गई। प्रदेश में आज को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है।प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।
मध्य अफग़ानिस्तान और उससे लगे क्षेत्र में एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है ।
इस चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण से निम्न स्तर और मध्य क्षोभमंडल स्तर पर उत्तरी अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है।
क्षोभमंडल के निम्न स्तर पर उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत तक प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है। प्रदेश में क्षोभमंडल के निम्न स्तर पर प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है ।