बस्तर

कांग्रेस की नाव में छेद, कभी भी डूब सकती है -साय
23-Mar-2024 12:39 PM
कांग्रेस की नाव में छेद, कभी भी डूब सकती है -साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 22 मार्च।
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़े धाराउर स्थित इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में गुरुवार को भाजपा की विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित हुई। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए जनता से समर्थन मांगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की नाव में छेद हो चुका है और वह कभी भी डूब सकती है। बस्तर लोकसभा में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, फिर भी अभी तक कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी तक घोषित नहीं किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और बस्तर के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनाना जरूरी है। छत्तीसगढ़ में इंजन पक्का कर लिया है, लेकिन अब दिल्ली का इंजन को अधिक मजबूत करना है और इसके लिए समय भी आ गया है। जनता जनार्दन भाजपा को अपना आशीर्वाद दे। 

उन्होंने भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए जनता से समर्थन मांगते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सबका साथ सबका विश्वास सबका विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और पिछले 10 सालों में बहुत काम हुआ है। मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की तत्कालीन भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने केंद्र की योजनाओं को बंद किया था, जिसके कारण जनता को लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही 18 लाख आवास को स्वीकृति प्रदान की और अप्रैल महीने से आवास बनना शुरू हो जाएगा। भाजपा ने मोदी की गारंटी में जो वादा किया था, उनमें से अधिकतर वादों को पूरा किया गया है, इसमें प्रदेश की मातृशक्तियों के लिये महतारी वंदन योजना आरंभ हो गयी है। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि बीते पांच साल में कांग्रेस की सरकार ने सिवाय छत्तीसगढ़ को लूटने के कुछ भी नहीं किया। जनता से सिर्फ झूठ बोला, एक भी वायदे को पूरा नहीं किया। जिसका परिणाम भी उनको भुगतना पडा़। जनता जनार्दन ने कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेका।

 किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार मोदी की गारंटी व जनता से किये सभी वायदों को तय समय पर पूरा कर रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के शासन में सुशासन लौट आया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बस्तर लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप को विजयी बनाने जनता से आह्वान किया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा की सरकार को आज सौ दिन पूरे हुये हैं। इन सौ दिन के कार्यकाल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने दिन रात काम करते हुये गरीब, किसान, महिलाओं व युवाओं के हित में बड़े फैसले लिये हैं। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने का काम तेजी से जारी है। प्रदेश की सत्तर लाख विवाहित महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना के तहत 655 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किये गये हैं। मातृशक्तियों को प्रतिमाह एक हजार रूपये निरंतर मिलेंगे। 

सभा को भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने भी संबोधित किया। संचालन रामाश्रय सिंह ने किया।  सम्मेलन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी,पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, महेश गागड़ा, महेश जैन, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद भंजदेव, विद्याशरण तिवारी,संजय पाण्डेय,वेदप्रकाश पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news