कोण्डागांव
कराते में रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रकर्ष का भी सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 12 अप्रैल। शुक्रवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं एसपी वाय अक्षय कुमार द्वारा खेलों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाडिय़ों का सम्मान किया। जिसमें उन्होंने दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेस वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता 2023-24 में उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले गौतम कुमार अलेन्द्र तथा ओपन राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रकर्ष राव पत्की का सम्मान किया गया।
साथ ही दोनों का प्रोत्साहन करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने हेतु शुभकानाएं देते हुए जिले में इन खेलों को आगे बढ़ाने और युवाओं को भी इन खेलों के प्रति जागरूक कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु तैयार करने के लिए चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में आयोजित वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले गौतम कुमार कोण्डागांव जिले में शिक्षा विभाग में व्यायाम शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। गौतम ने प्रतियोगिता में 66 किलोग्राम वर्ग में कुल 630 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गौतम द्वारा पूर्व में भी पॉवर लिफ्टिंग में 02 स्वर्ण पदक एवं 01 रजत पदक प्राप्त कर चुके है। इसके अतिरिक्त स्ट्रेन्थ लिफ्टिंग में पिछले वर्ष नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक एवं स्ट्रांग मैन का खिताब हासिल किया था।
भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रकर्ष राव पत्की भी जिले के दहीकोंगा स्थित शासकीय विद्यालय में व्यायाम शिक्षक के रूप में कार्यरत हंै। प्रकर्ष राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सफल होकर अब अपने राज्य का 8 से 12 मई के मध्य उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में पुरुष टीम का काता वर्ग में प्रतिनिधित्व करेंगे।