दुर्ग

दुर्ग: 77 करोड़ 77 लाख का राजस्व
17-Apr-2024 2:42 PM
दुर्ग: 77 करोड़ 77 लाख का राजस्व

खनिज विभाग को लक्ष्य का 89 फीसदी वसूली 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अप्रैल।
जिले से खनिज महकमा ने गत वित्तीय वर्ष में कुल 77 करोड़ 77 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त किया, जबकि वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभाग को कुल  87 करोड़ 46 लाख रुपए के राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य मिला था। जिस लिहाज से विभाग को प्राप्त लक्ष्य का 89 प्रतिशत राजस्व वसूली करने में सफलता मिली।

विभाग ने वर्ष 2023-24 में अवैध खनिज परिवहन के वर्ष 2022-23 की तुलना में अधिक प्रकरण दर्ज किए, इसके बावजूद लक्ष्य प्राप्त करने में कामयाबी नहीं मिली। जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 में विभाग को 70 करोड़ 71 लाख रुपए के राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 86 करोड़ 17 लाख रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई थी जो कुल लक्ष्य का 121.86 प्रतिशत था। विभागीय अमले की माने तो पूर्व में डिया की अनुमति के आधार पर चल रहे अनेक खदानों को सिया से अनुमति के अभाव में खनिज उत्खनन पर काफी समय तक रोक लगी हुई थी, जिससे ये खदान बंद होने से भी राजस्व वसूली इस बार प्रभावित हुई। जिसकी वजह से काफी मशक्कत के बाद भी लक्ष्य प्राप्त करने में सफलता नहीं मिल पाई।

विभाग को वित्तीय वर्ष 2023-24 में वर्ष 2022-23 की तुलना में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के प्रकरणों से अर्थदंड के रूप में अधिक राजस्व प्राप्त हुई। वित्तीय वर्ष 2023-24 में अवैध खनिज उत्खनन के विभाग ने कुल 22 प्रकरण दर्ज किए, इनमें निराकृत 19 प्रकरणों से अर्थदंड के रूप में 10 लाख 63 हजार 115 रुपए वसूल किया गया। जबकि 3 प्रकरण अभी भी निराकृत होना बाकी है। वहीं वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 10 लाख 35 हजार 765 रुपए अर्थदंड प्राप्त हुआ था। इसी प्रकार वित्तीय 2023-24 में अवैध खनिज परिवहन के 164 प्रकरण विभाग ने जिले में दर्ज किया। 

इससे अर्थदंड के रूप में 54 लाख 35 हजार 574 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 151 अवैध खनिज परिवहन के प्रकरण दर्ज हुए थे। इससे विभाग को अर्थदंड स्वरूप 46 लाख 60 हजार 170 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news