सरगुजा

नवमी पर मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता, पूर्णाहुति के साथ कन्याभोज
17-Apr-2024 8:48 PM
नवमी पर मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता, पूर्णाहुति के साथ कन्याभोज

श्रीराम मंदिर में जन्मोत्सव पर विशेष पूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 अप्रैल। सरगुजा में धूमधाम से श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया।  दोपहर 12 बजे श्री राम मंदिर में विशेष आरती की गई, जिसमें सैकड़ों भक्त शामिल हुए।

 रामगढ़ में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीराम मंदिर पहुंचकर दर्शन किया। कन्या भोज भी हुआ। सुबह से लेकर दोपहर तक श्रद्धालुओं की लाइन मंदिरों में लगी रही।

श्रीराम जन्मोत्सव पर अंबिकापुर के श्रीराम मंदिर में सुबह साढ़े 9 बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। सुबह से ही कीर्तन मंडली द्वारा रामलला जन्मोत्सव को लेकर भजन-कीर्तन शुरू किया गया। मंदिर के बंद कपाट ठीक 12 बजे जन्मोत्सव पर खोले गए। शंख और घंटे बजने लगे। जय श्रीराम के जयकारों के साथ विशेष आरती की गई। श्रीराम मंदिर में प्रणव मुनि महाराज के सानिध्य में विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए। राज परिवार की परंपरा के अनुसार आदितेश्वर शरण सिंहदेव ने श्रीरामलला की आरती की। 

रामनवमी पर बड़ी संख्या में अयोध्या-वाराणसी से आए साधु-संत भी शामिल हुए। इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी की गई। राम मंदिर में श्रीराम के दर्शन के लिए लोगों की कतार लगी रही।

देवी मंदिरों में पूर्णाहुति, सुबह से लगी कतार
अंबिकापुर के मां महामाया मंदिर, दुर्गा मंदिर, संत हरकेवल मंदिर, वनदेवी मंदिर सांड़बार में सुबह से ही भक्तों की कतार लगी रही। मां महामाया मंदिर में सुबह चार बजे से ही लोगों की लाइन लग गई थी। मंदिर में दोपहर तक लोगों की लाइन लगी रही। शक्तिपीठों में नवमीं पर पूर्णाहुति, हवन के बाद कन्याभोज का आयोजन किया गया था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news