दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 मई। दंतेवाड़ा में पुलिस को गुरुवार को कामयाबी मिली। संयुक्त पुलिस द्वारा अरनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो आईईडी निष्क्रिय किए।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने हेतु विशेष तैयारी की गई है। इनमें भूमिगत बारूदी सुरंग का भी उपयोग किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस के जवान सतर्क हो गए। पुलिस नें अरनपुर से जाने वाले विभिन्न मार्गो में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान बर्रेम से समेली जाने वाली सडक़ में संदिग्ध तार दिखाई दिए। जिसकी गहन जांच की गई। जांच में आईईडी नजर आया। जिसका वजन करीब 10 किलोग्राम था।
इसी क्रम में पोटाली से अरनपुर जाने वाली सडक़ की जांच की गई। जिसमें एक आईईडी बरामद किया गया?। जिसका वजन करीब 10 किलोग्राम था। पुलिस के बम निरोधक दस्ते द्वारा दोनों आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। इस कार्यवाही में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 111वीं और 230 यीं वाहिनी का सराहनीय योगदान था।