राजनांदगांव
![जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के कर्मचारियों ने किया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के कर्मचारियों ने किया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1716459088jn__7.jpg)
जिला कांग्रेस कमेटी ने की मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 मई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के दो कर्मचारियों पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गोवर्धन देशमुख सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत करते दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी रायपुर को सौंपे गए ज्ञापन में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गोवर्धन देशमुख ने कहा कि वर्तमान में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है। ऐसे समय में शासकीय कर्मचारियों को आचार संहिता का पालन करना अनिवार्य है। ऐसे समय में भी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के प्रधान कार्यालय में पदस्थ प्रबंधक ग्रेड के दो अधिकारियों प्रकाश कुमार अखिलेश, उप प्रबंधक तथा मनीष कुमार श्रीवास्तव प्रबंधक ने गत 7 मई को खुलेआम विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात का फोटो सोशल मीडिया में अपलोड किया है।
श्री देशमुख ने कहा कि गत अक्टूबर-नवंबर माह में भी इन अधिकारियों की शिकायत भाजपा के पक्ष में प्रचार किए जाने की हुई थी। वर्तमान में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में पदस्थ भाजपा के सचिन सिंह बघेल के अध्यक्ष बनते ही ये अधिकारी पुन: भाजपा के पक्ष में प्रचार कर परिणाम उनके पक्ष में लाने का प्रयास किया है। इसके पूर्व भी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के कवर्धा नोडल कार्यालय में पदस्थ सहायक प्रबंधक संतोष यादव द्वारा कवर्धा में प्रदेश के गृहमंत्री के पक्ष में कार्य किए जाने की शिकायत की गई थी। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री देशमुख ने केन्द्रीय बैंक के दोनों अधिकारियों पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।