बलौदा बाजार

आखिरी दिन नवतपा का पारा उतरा, बौछार से दी राहत
03-Jun-2024 7:28 PM
आखिरी दिन नवतपा का पारा उतरा, बौछार से दी राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 3 जून। नवतपा के दौरान जिले में लगातार भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं रविवार को नवतपा के आखिरी दिन मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया। शाम होते ही अंधड़ और बूंदाबांदी से शाम के तापमान में काफी गिरावट आई।

 रविवार को पहले धूप फिर दोपहर बाद बादलों की घेराबंदी ने अचानक धूप की तपिश कम कर दी। शाम को बलौदाबाजार में हल्की बूंदाबांदी भी हुई तो आसपास लाहोद, रिसदा, कोकड़ी, भाटापारा में भी बारिश हुई। जिससे हल्की उमस तो बढ़ी, लेकिन झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिली। शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।

पिछले चार दिन से जिले का अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे पूरे दिन लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। इस बीच शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा। अभी गर्मी से खास राहत नहीं है।

 मानसून भी जल्द आएगा

जिला मुख्यालय समेत आसपास इलाकों में मौसम ने आज बदलाव होंगे। मौसम विभाग ने बूंदाबांदी बारिश के साथ अंधड़ चलने की संभावना जताई है। देश में प्री मानसून की एंट्री के बाद से ही कई जिलों में इन दिनों लगातार ही बारिश हो रही है। ऐसे में बलौदाबाजार जिले में भी मानसून का असर देखने को मिलेगा। वहीं जल्द ही जिले की जनता को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक एसपी थॉमस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 13-14 जून तक मानसून की एंट्री होगी।


अन्य पोस्ट