कांकेर

कांकेर: आज खुलेगा नौ प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा
03-Jun-2024 10:21 PM
कांकेर: आज खुलेगा नौ प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 3 जून। आज ईवीएम में कैद कांकेर लोकसभा क्षेत्र के नौ प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। गत 26 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के मतदान के मतों की गणना और  परिणाम की 4 जून को घोषणा होगी। मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग और कांग्रेस के बिरेश ठाकुर के बीच रहा है। अन्य सात प्रत्याशियों ने भी जीत के दावे किएहैं।

परिणाम को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशी आशंकित दिखाई दे रहे हैं। जीत की बयानबाजी वे जरूर कर रहे हैं। चुनाव मैदान में नौ प्रत्याशी हैं लेकिन भाजपा के भोजराज नाग और कांग्रेस प्रत्याशी बिरेश ठाकुर के मध्य ही सीधा मुकाबला है। लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आठों विधानसभा क्षेत्रों में कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस का अच्छा प्रदर्शन बताया जा रहा है।

मतदाताओं की खामोशी के बीच अनिश्चितता की खबरों के चलते प्रत्याशी भी वास्तविकता से अनभिज्ञ हैं। सूत्रों से मिल रही खबरों से मतगणना केंद्रों में भी प्रत्याशियों के खास समर्थक मौजूद रहेंगे और परिणाम की ताजा जानकारी से अवगत कराते रहेंगे।

पिछला 2019 का परिणाम का अनुभव भी कुछ इसी तरह का रहा है। जहां 11 लाख से अघिक मतदान होने के बावजूद जीत का अंतर केवल 6914 मतों का रहा है। आखरी राउंड के परिणाम की घोशणा के बाद ही हार-जीत का फैसला हो पाया था। प्रत्येक राउंड में बदलते परिणाम के बीच मुख्य दावेदार भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी गणना केंद्र से निकल गए थे। कुछ इसी तरह का परिदृश्य 2024 के परिणाम को लेकर दिखाई दे रहा है।

2024 के इस चुनाव में कांकेर लोकसभा क्षेत्र में कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जिसमें प्रमुख रूप से भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग और कांग्रेस के बिरेश ठाकुर के बीच ही सीधा मुकाबला है। इसके अलावा बहुजन पार्टी से तिलक राम मरकाम और रजिस्ट्रीकृत राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों में से जीवन लाल मातलाम, थाकेश माहला, भोजराम मण्डावी, विनोद नागवंशी, सुकचंद नेताम और सोनसिंह चुनाव मैदान में हैं।  कांकेर लोकसभा क्षेत्र में जिले के भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और कांकेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 727 मतदान केन्द्रों में 5 लाख 62 हजार 688 मतदाताओं में से 04 लाख 27 हजार 955 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कि डाले गए कुल मतों का 76.06 प्रतिशत है।


अन्य पोस्ट