कांकेर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 4 जून। कांकेर लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग 1884 मतों से विजयी हुए। कांटे की टक्कर में उन्होंने कांग्रेस प्रत्यासी बिरेश ठाकुर को पराजित किया। इस चुनाव में कुल 12 लाख 65 हजार 4 सौ 29 मत पड़े हैं, जिसमें भोजराज नाग को कुल 597624 मत मिले, जबकि बिरेश ठाकुर को 595740 मत प्राप्त हुए।
लोकसभा चुनाव का परिणाम अंतिम दौर तक काफी रोमांचक बना रहा है। शुरूआत में भाजपा ने अच्छी बढ़त बना ली थी, वहीं भाजपा प्रत्याशी की बढ़त धीरे-धीरे कम होती गई। इस बीच अलग-अलग राउंड के परिणाम में काफी उलटफेर होता रहा है। जिससे हार-जीत को लेकर अनिश्चितता बनी रही है। इस तरह अंतिम राउंड तक हार-जीत के परिणाम के लिए इंतजार करना पड़ा।
आज सुबह 8 बजे से मतगणना आरंभ हुई। मतगणना के शुरूआती दौर में रूझान भाजपा के पक्ष में आ रहा था, वहीं कुछ विधानसभा क्षेत्र का परिणाम कांग्रेस के पक्ष में एक तरफा आने से भोजराज नाग को मिले बढ़त बेहद कम होता गया और 33 हजार मतों से आगे चल रहे भाजपा प्रत्याशी की बढ़त का अंतर एक समय एक हजार में आ गया था। जिससे समर्थक गणना केंद्र से निकलने भी लग गए। परिणाम को लेकर काफ ी समय तक अनिश्चितता की स्थिति बनी रही है।
33 हजार मतों से आगे चल रहे भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग अंतिम तीसरे दौर के परिणाम आने के पहले केवल एक हजार के अंतर की बढ़त में आ गए थे।
लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें बालोद जिले के संजारी बालोद और गुण्डरदेही सामान्य सीट है। बाकी डौण्डीलोहारा, धमतरी जिले के सिहावा, कांकेर जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर तथा कोण्डागांव जिले के केशकाल से सभी अजजा आरक्षित विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
मतगणना के अंतिम दौर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में पुन: बढ़त होने लगी तो भाजपाइयों का जमावड़ा बढऩे लगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए आतिशबाजी के साथ रंग गुलाल उड़ाते हुए मतगणना केंद्र से विजय जुलूस निकाली।
2024 के इस चुनाव में कांकेर लोकसभा क्षेत्र में कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे है। जिसमें प्रमुख रूप से भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग और कांग्रेस के बिरेश ठाकुर के बीच ही सीधा मुकाबला रहा है। इसके अलावा तिलक राम मरकाम बहुजन पार्टी को 11770 और रजिस्ट्रीकृत राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों में से जीवन लाल मातलाम सर्वोदय दल को 8949, थाकेश माहला भारतीय शक्ति चेेेतना पार्टी को 4222, भोजराम मण्डावी अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया को 3361, विनोद नागवंशी हमर राज पार्टी को 5009, सुकचंद नेताम गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी को 8723 और सोनसिंह राश्ट्रीय जनसभा पार्टी को 11362 मत तथा नोटा को 18669 मत प्राप्त हुए।