गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम/फिंगेश्वर, 10 जून। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर शहर में रविवार सुबह एक महिला की हत्या से इलाके में हडक़ंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने महिला की हत्या कर लाश के पास रातभर सोता रहा। सुबह जब मृतका के ससुर यानि आरोपी का पिता कमरे में बहू की लाश देखी तो उसके होश ही उड़ गए। उसने इसकी जानकारी थाने में दी। मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार फिंगेश्वर शहर के वार्ड क्र 12 निवासी चेतन बंजारे शराब का आदि था। इसी बात को लेकर चेतन और उसकी पत्नी पूर्णिमा बंजारे (37) के बीच आए दिन विवाद होते रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इससे गुस्साए चेतन ने टंगिया से वारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद रात वहीं खाट के पास आरोपी सोता रहा। उसके शरीर में खून के दाग थे।
इधर घटना से अंजान चेतन के पिता घुरऊ बंजारे रोज की तरह सुबह लकड़ी लाने जंगल जाने के लिए बेटे को उठाया, तो उसके चेहरे पर खून के दाग दिखा, ऐसे में उसे शक हुआ। अंदर कमरे में जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। कमरे में खाट पर उसकी बहू बेसुध पड़ी थी। घुरऊ ने तुरंत इसकी जानकारी फिंगेश्वर पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना प्रभारी फैजुल शाह टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी चेतन बंजारे को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आरोपी नशे की आदत होने के कारण मौत की घटना को अंजाम दिया है। नशे के कारण ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।