बलौदा बाजार
![बलौदाबाजार की घटना से राज्य कलंकित, कई लापता, प्रशासन जारी करे सूची- भूपेश बलौदाबाजार की घटना से राज्य कलंकित, कई लापता, प्रशासन जारी करे सूची- भूपेश](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1718446586572.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 15 जून। बलौदाबाजार में हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता में कहा, इस घटना से छत्तीसगढ़ कलंकित हुआ है। एसपी और कलेक्टर आंख बंद कर बैठे रहे। क्या विभाग के मंत्री और अधिकारी को पता नहीं होगा। सरकार को अपने पद पर एक भी मिनट रहने का अधिकार नहीं है। अपराधियों को सरकार पकड़े और उस पर कड़ी कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा, देश और प्रदेश के इतिहास में एसपी और कलेक्टर कार्यालय को कभी नहीं फूंका गया। सभा स्थल से कलेक्ट्रेट की दूरी लगभग 2 किमी है। सभा में सुबह 10 बजे से लोगों का आना शुरू हो गया था। सभा में अन्य जिलों से भी लोग आए थे। नागपुर से भी बड़ी संख्या में लोग आए थे। इसमें अन्य लोगों के संलिप्त रहने की जानकारी मिल रही है। प्रशासन की तरफ से कोई भी व्यवस्था नहीं गई थी। कार्यालय को तोड़ा गया, आग लगा दी गई, लेकिन प्रशासन हाथ पर हाथ धरा बैठा रहा।
भूपेश बघेल ने कहा, जब 10 बजे से भीड़ आनी शुरू हो गई थी तब भी पुलिस प्रशासन की व्यवस्था नहीं थी। प्रशासन के पास कोई भी वैकल्पिक प्रबंध नहीं था। हिंसक प्रदर्शन के बाद पूरे बलौदाबाजार जिले में दहशत का वातावरण है। कोई भी कुछ कह नहीं रहा है। इस घटना के बाद बहुत से लोग लापता हैं। कल एक महिला आई थी, उसके पति लापता है। पति का फोन बंद आ रहा है। मुंगेली से एक व्यक्ति पिक्चर देखने आया था उसको सिनेमा हॉल से ही उठाकर पुलिस ले गई। रास्ते में पकड़-पकड़ कर पुलिस ने आमलोगों को मारा और अंदर किया है। पुलिस निरंकुश हो गई है। यह बहुत दुर्भाग्यजनक है। अगर समय रहते पुलिस व्यवस्था कर ली गई होती तो यह घटना घटित नहीं होती।
सरकार को पद में रहने का अधिकार नहीं
पूर्व सीएम बघेल ने कहा, अपनी नाकामी को छुपाने के लिए पुलिस की बर्बरता का हम निंदा करते हैं। आम लोगों के साथ ऐसी बर्बरता नहीं होनी चाहिए। इस घटना के बाद जितने लोग लापता हैं उसकी सूची जारी करनी चाहिए। सरकार की ओर से अनर्गल बयानबाजी और दोषारोपण गलत है।
दीपक बैज ने बलौदाबाजार घटना की तुलना मणिपुर हिंसा से की
बलौदाबाजार आगजनी कांड की जांच करने कांग्रेस की डेलीकेशन टीम बलौदाबाजार पहुंची है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, के साथ कांग्रेस पार्टी के सभी 30 विधायक और नेतागण सैकड़ों गाडिय़ों के काफिले के साथ बलौदाबाजार पहुंचे। यहां पहुंचते ही कांग्रेस के डेलिगेशन ने सबसे पहले कलेक्ट्रेट परिसर और एसपी कार्यालय को देखा। इसके बाद डेलिकेट दल ने बलौदा बाजार में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान है उन्होंने बलौदा बाजार आगजनी और हिंसा की तुलना मणिपुर हिंसा से की है। उन्होंने आशंका जताई जिस तरह देश में बीजेपी सरकार मणिपुर की हिंसा के लिए जिम्मेदार है, इस तरह छत्तीसगढ़ की सरकार भी बलौदा बाजार में हुई हिंसा के जिम्मेदार है।