धमतरी

एक पेड़ मां के नाम-मुनईकेरा पंचायत में चला अभियान
13-Jul-2024 2:32 PM
एक पेड़ मां के नाम-मुनईकेरा पंचायत में चला अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नगरी, 13 जुलाई। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत ग्राम पंचायत मुनईकेरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत मुनईकेरा व आश्रित ग्राम देवगांव व दिनकरपुर में आयोजित वृक्षारोपण महा अभियान कार्यक्रम में सरपंच महेंद्र नेताम ने स्थानीय ग्रामीणों, वार्ड पंचों, महिला समूह, वन विभाग के कर्मचारियों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

इस दौरान विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण कर पर्यावरण की रक्षा और हरियाली बढ़ाने की बात दोहराई। सरपंच ने कहा कि यह अभियान न केवल प्रकृति की दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि मां के प्रति सम्मान और धन्यवाद प्रकट करने का अच्छा तरीका भी है। इस दौरान सभी लोगों से वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जागरूक किया और उन्हें भी इस अभियान में शामिल होने के लिए निवेदन किया।

उन्होंने बताया कि एक पेड़ लगाने से न केवल पर्यावरण में सुधार होता है बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक स्वस्थ और हरियाली की नींव भी रखता है। कार्यक्रम में सभी ने पौधों को संरक्षित करने की शपथ ली।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सचिव बुधराम नेताम वार्ड पंच, महिला समूह, वन विभाग के कर्मचारी, शिक्षकगण, वन सुरक्षा समिति के सदस्य और स्कूली बच्चे उपस्थित थे। सभी जनों को एक पौधा भेंट कर संरक्षित करने की अपील की गई।


अन्य पोस्ट