धमतरी

टूटे परिवार 6 साल बाद एकजुट 6 महीने बाद मिले पति-पत्नी
15-Jul-2024 3:26 PM
टूटे परिवार 6 साल बाद एकजुट 6 महीने बाद मिले पति-पत्नी

1918 प्रकरणों में 1.68 करोड़ का सेटलमेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 15 जुलाई। जिला न्यायालय धमतरी, बाह्य न्यायालय कुरूद व नगरी, राजस्व न्यायालयों में 13 जुलाई को साल की दूसरी नेशनल लोक अदालत लगी, जिसमें 6 साल से अलग रह रहे परिवार फिर से एकजुट हुए, वहीं 6 महीने बाद पति-पत्नी ने दाम्पत्य जीवन यापन करना स्वीकार किया। इस तरह परिवार न्यायालय के 15 मामलों में राजीनामा आवेदन पेश कर सभी खुश होकर घर लौटे। लिंक कोर्ट कुरूद में कुरूद ब्लॉक के एक ही गांव में पारिवारिक रिश्ते में आपसी विवाद के कारण 6 साल से मतभेद था। इनका प्रकरण नेशनल लोक अदालत में रखा गया।

दोनों पक्षों को न्यायाधीश ने राजीनामा के आधार पर विवाद समाप्त कराया। दोनों पक्ष एक होकर मुस्कुराते हुए गांव लौटे। 6 महीने पहले शादी हुए दाम्पत्य जीवन में दहेज व शराब पीने को लेकर विवाद बढ़ गया। दोनों का मामला नेशनल लोक अदालत में रखा गया।

न्यायाधीश विनोद कुमार देवांगन ने राजीनामा के आधार सुलह कराई। उन्होंने प्रकरण वापस लिया। फिर से जीवन यापन करने को राजी हो गए। इस हाइब्रिड नेशनल लोक अदालत के आयोजन में सभी न्यायाधीश, सभी राजस्व न्यायालयों के अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी, राजस्व व विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे।

1059 प्रकरण हुए निराकृत

न्यायालयों में लंबित प्रकरणों में से 1918 प्रकरणों में 1 करोड़ 68 लाख 5 हजार 487 रुपए का सेटलमेंट किया गया। दांडिक प्रकरण के 123 मामले, विद्युत बिल के 7 मामले में 1 लाख 3 हजार 673 रुपए, श्रम न्यायालय के 5 मामलों में 1 लाख 54 हजार, मोटर दुर्घटना दावा प्राधिकरण के 9 मामलों में 74 लाख 45 हजार, परिवार न्यायालय के 15 मामलों में, धारा 138 एनआई एक्ट के 22 मामले में 31 लाख 67 हजार 64 रुपए, सिविल के 16 मामलों में 3 ला 50 हजार, पीटि अफेन्स के 93 मामलों में 1 लाख 63 हजार, ट्रैफिक चालान के 569 मामलों में 4 लाख 6 हजार 900 का सेटलमेंट किया गया। साथ ही प्रीलिटिगेशन एवं राजस्व न्यायालयों के 1059 प्रकरणों में 50 लाख 15 हजार 850 रुपए सेटलमेंट किया गया।


अन्य पोस्ट