राजनांदगांव

परिसीमन बाद दो दर्जन वार्डों की सीमाएं बदली
16-Jul-2024 2:52 PM
परिसीमन बाद दो दर्जन वार्डों की सीमाएं बदली

 22 तक दावा-आपत्ति, 25 को होगा अंतिम प्रकाशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 जुलाई। शहर के 51 वार्डों में से  23 वार्ड की सीमाओं में इस बार परिसीमन प्रक्रिया के तहत परिवर्तित किया गया है। वहीं 28 वार्ड में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। वार्डों की संख्या पूर्व की तरह 51 रखा गया है। साल के आखिरी महीनों में होने वाले निकाय चुनाव के पहले परिसीमन की प्रक्रिया के तहत नगर निगम राजनांदगांव के वार्डों की सीमाओं का प्रथम प्रकाशन कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार 4 हजार 98 मतदाताओं के साथ वार्ड क्र. 20 अब सबसे बड़ा वार्ड बन गया है। वहीं दो हिस्सों में बंटने के बाद वार्ड क्र. 30 कैलाश नगर दो हजार 183 मतदाता के साथ सबसे कम मतदाता वाला वार्ड है। वार्ड क्र. 21 मेडिकल वार्ड को इस बार परिसीमन की प्रक्रिया में विलोपित कर दिया गया है। अब परिसीमन के प्रथम प्रकाशन के बाद इसके विरूद्ध दावा-आपत्ति के लिए 7 दिनों का समय दिया जाएगा। आगामी 22 जुलाई तक आने वाली दावा-आपत्ति का निराकरण कर 25 जुलाई को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद इसी आधार पर निकाय चुनाव कराए जाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के 51 वार्डों को परिसीमन के माध्यम से अलग-अलग तरीकों से विभाजित करते वार्डों की नई सीमा रेखा का नए तरीके से निर्धारण कर दिया गया है। कई वार्डों की जहां जनसंख्या कम थी, वहां पर जनसंख्या बढ़ाई गई है। राजनांदगांव में वार्डों की संख्या को यथावत रखा गया है, लेकिन आधे से अधिक वार्ड अब नए सीमाओं से जुड़े नजर आएंगे। शहर में 23 वार्ड इस तरह हैं, जिनकी सीमा पूरी तरह से परिवर्तित कर दी गई है। अब कई वार्ड छोटे-बड़े के हिसाब से एक-दूसरे में जोड़े जाकर नई सीमा का निर्धारण कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि परिवर्तित 23 वार्डों में वार्ड क्र. 2, 3, 5, 6, 15, 16, 20, 22, 23, 24, 25, 29, 30, 31, 32, 33, 39, 41, 42, 43, 46, 47 और वार्ड क्र. 50 शामिल है। वहीं शेष 28 वार्डों को यथावत रखा गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news