बस्तर

महापौर ने लगाई चौपाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल
16-Jul-2024 11:09 PM
महापौर ने लगाई चौपाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 16 जुलाई। नगर निगम के द्वारा जन समस्याओं के मौके पर तत्काल निवारण के लिये वार्ड वार महापौर चौपाल लगाने अभियान आरंभ किया गया है। मंगलवार को अभियान के दूसरे दिन विजय वार्ड क्र. 2 में महापौर चौपाल का आयोजन श्रीकृष्ण मंदिर परिसर में किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव विशेष रूप से शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने शिविर में आये लोगों से चर्चा की, उनकी समस्याओं से अवगत हुए और महापौर चौपाल के माध्यम से जन समस्याओं का अविलंब समाधान करने नगर निगम के अधिकारियों को कहा। श्री देव ने महापौर चौपाल अभियान की सराहना भी की।

विधायक किरण देव ने कहा कि महापौर चौपाल के माध्यम से जनता की समस्याओं की चिंता करते हुए उनको मूलभूत सुविधा देने जो कार्य निगम प्रशासन के द्वारा प्रारंभ किया गया है, वह बहुत ही प्रशंसनीय कदम है और जनता से सीधे संवाद का माध्यम है, जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना महत्वपूर्ण कार्य है, नगर निगम की वर्तमान सरकार संवेदनशील है, महापौर चौपाल में जनता की जो समस्यायें आ रही है, उसका उपयुक्त समाधान किया जाए।

 श्री देव ने कहा कि जगदलपुर शहर विकास को लेकर किसी प्रकार की राशि की कमी नहीं होगी ,हम सब मिलकर चौमुखी विकास कार्य करेंगे, जनता के द्वारा चुनी गई सरकार जनता के बीच जाए। महापौर चौपाल के लिए महापौर की पूरी टीम को साधुवाद एवं बधाई की पात्र हैं।

 महापौर सफीरा साहू एवं जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी कर्मचारी स्वयं उपस्थित होकर लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जान रहे है, महापौर चौपाल में लोगों के सैकड़ों आवेदन आ रहे हैं, जिनका समाधान भी तत्काल रूप से चौपाल में  किया जा रहा है। महापौर चौपाल में वार्ड में शिविर के माध्यम से लोगों को मूलभूत सुविधा देने को लेकर चौपाल लगाया जा रहा है।

 चौपाल प्रतिदिन वार्डवार सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक लगाया जा रहा है, महापौर चौपाल शहर के 48 वार्डो में लगाया जाएगा। वार्डों में लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास संबंधी समस्या ,राशन कार्ड संबंधी , पेयजल, वार्ड की साफ सफाई ,वृद्धावस्था पेंशन एवं अन्य पेंशन योजना ,एवं अन्य नगर निगम के कार्य वार्डों में सडक़,नाली ,पुलिया अन्य कार्यों का निराकरण चौपाल के माध्यम से किया जाएगा।

 महापौर चौपाल में महापौर सफीरा साहू के साथ एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव , योगेंद्र पांडे, भारती श्रीवास्तव , आलोक अवस्थी , नरसिंह राव ,श्वेता बघेल , नेहा ध्रुव  ,निर्मल पाणिग्रही , पार्षद त्रिवेणी रंगारी ,नीलम यादव, महेंद्र पटेल, सुरेश गुप्ता ,मनोहर दत्त तिवारी ,आशुतोष पाल,अभिषेक तिवारी ,आशु आचार्य सहित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news