रायपुर

31 जुलाई तक डीए दे, वर्ना अगस्त से हड़ताल
18-Jul-2024 4:19 PM
31 जुलाई तक डीए दे, वर्ना अगस्त से हड़ताल

संयुक्त कर्मचारी मोर्चे का ऐलान 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जुलाई।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा की 16 जुलाई को इंद्रावती भवन  में आयोजित बैठक में प्रदेश भर से दो दर्जन से अधिक कर्मचारी अधिकारी एवं शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी  ने चुनाव के दौरान राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से डीए एवं पिछले डीए की एरियर्स राशि को जीपीएफ खाते में समायोजन करने वाली च्च्मोदी की गारंटीज्ज् को पूरा कराने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले संघर्ष करने का आव्हान किया गया है।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला एवं मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत ने विभिन्न संगठनों के  प्रांताध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों ने कहा कि पिछले 7 माह से प्राय: सभी कर्मचारी संगठन मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री सहित प्रमुख जन प्रतिनिधियों से संपर्क कर केंद्र के समान डीए देने की मांग कर चुके हैं। उसके बावजूद राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्रीय कर्मचारियों एवं अन्य राज्य के कर्मचारियों की तुलना में 4 फीसदी कम डीए 1 जनवरी 2024 से मिल रहा है। सरकार द्वारा डीए की घोषणा करने में हो रहे विलंब के कारण पूरे प्रदेश के साढ़े चार लाख कर्मचारी एवं डेढ़ लाख पेंशनरों में आक्रोश है। 

सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि 22 जुलाई से मानसून सत्र को देखते हुए संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री सहित अन्य जन प्रतिनिधियों से मिलकर अपनी मांग रखेगा। यदि जुलाई के अंत तक सरकार ने डीए की घोषणा नहीं की तो अगस्त में प्रदेश व्यापी आंदोलन करने की घोषणा कर दी जाएगी।

बैठक को प्रमुख रूप से मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के संरक्षक तीरथ लाल सेन, लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय सिंह, कोषालय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष आलोक मिश्रा, राज्य पेंशनर एवं कर्मचारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष जयनारायण श्रीवास्तव, विद्यालयीन शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी, लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पीआर साहू, पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष डीपी मनहर समेत दो दर्जन से अधिक संगठनों के नेता मौजूद थे। 

बैठक में विभिन्न संगठनों से कांति सूर्यवंशी, भोलाराम कीर, दिलीप कुमार चंद्रवंशी, शिवगुप्ता, सुखीराम धृतलहरे, सुनील भूमरकर, श्याम लाल साहू, एमएल खांडे, मनोज गिरी गोस्वामी इत्यादि प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट