रायगढ़

उफनदी नदी में बह रही महिला को मछुआरों ने बचाया
02-Aug-2024 7:07 PM
उफनदी नदी में बह रही महिला को मछुआरों ने बचाया

   किमी दूर से बहकर आई महिला के पैरों में बंधी थी जंजीर   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 अगस्त।  रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते महानदी के अलावा अन्य नदी नाले पूरी तरह उफान पर है। इसी बीच महानदी बाढ़ के तेज बहाव में बहकर सरिया से एक महिला ओडिशा के पुसल्दा गांव में नदी किनारे मछुआरों को मिली। पानी में बह रही इस महिला की  मछुआरों ने जान बचाई है। आश्चर्यजनक बात यह है कि घटना के पूरे समय महिला के पैरों में लोहे की जंजीर बंधी हुई थी इसके बावजूद वह बाढ़ के पानी में नही डूबी।

जानकारी के अनुसार पड़ोसी राज्य ओडिशा के झारसुगड़ा थाना क्षेत्र के पुसल्दा गांव के मछुवारों ने उफनती महानदी में बहती हुई एक महिला को सुरक्षित बचाया है।  मछुआरों के द्वारा महिला से प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम सरोजनी रणवीर बताते हुए कहा कि वह नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोर्रा गांव की रहने वाली है और तकरीबन 20 किमी दूर बहकर यहां तक पहुंची है।

महिला के पैरों में बंधी है लोहे की जंजीर

उफनती हुई महानदी में 20 किलोमीटर तक बहकर आई महिला के दोनों पैरों में लोहे की जंजीर से बंधे होने के बावजूद महिला की जान बच गई। जिसके बाद से उसे बचाने वाले  मछुआरों भी इसे आश्चर्य मान रहे हैं। महिला पूरी तरह से स्वस्थ है और महिला को उसके गांव भेज दिया गया है।

जंजीर के कारण मानसिक बीमार होने का अंदेशा

महानदी में मछली पकडऩे गए  मछुआरों ने बताया कि हम लोग महिला को देखे तो वह बह कर आ रही थी बाकी जो लोग थे वो लोग भी देखे जैसे पास में किनारे दिखी तो सभी दौड़ कर गये उसे बचा कर लाये और नाव में ला कर बैठाये उसको खाना पानी और कपड़ा लाकर दिये है।

महिला के पैरों में लोहे की जंजीर बंधे होने से आशंका जताई जा रही है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।


अन्य पोस्ट