दुर्ग

गांधी चौक की बदली तस्वीर
03-Oct-2024 3:05 PM
गांधी चौक की बदली तस्वीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 अक्टूबर। गांधी जयंती पर निगम और मेघ गंगा ग्रुप की साझेदारी में नव पुनर्निर्मित गांधी चौक का उद्घाटन किया गया। यह ऐतिहासिक पहल सामाजिक दायित्व के रूप में दुर्ग की सौंदर्य वृद्धि और यातायात प्रबंधन के साथ-साथ नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उद्घाटन समारोह में गजेंद्र यादव विधायक, धीरज बाकलीवाल महापौर, लोकेश चंद्राकर निगम आयुक्त, अब्दुल गनी प्रभारी लो.नि.वि. नगर निगम, मनीष पारख मेघ गंगा ग्रुप के फाउंडर उपस्थित थे।

विधायक गजेंद्र यादव ने मोर शहर, मोर जिम्मेदारी अभियान की सराहना करते हुए कहा, यह सिर्फ सरकारी या निजी संस्थानों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है कि हम अपने शहर को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखें। गांधी चौक का पुनर्निर्माण जो कि मनीष पारख एवं उनके टीम के सहयोग से हो सका, इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। जब सामुदायिक भावना के साथ कार्य किया जाता है, तो शहर का विकास होता है।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा, यह परियोजना दुर्ग शहर की पहचान को और भी उजागर करती है। आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने कहा, गांधी चौक का पुनर्निर्माण न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाने का कार्य है, बल्कि इसका उद्देश्य यातायात के सुगम प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा को भी सुनिश्चित करना है। हमारा लक्ष्य है कि दुर्ग शहर के हर चौराहे को इसी तरह पुनर्निर्मित कर एक नया रूप दिया जाए।

मेघ गंगा ग्रुप के फाउंडर मनीष पारख ने इस पहल को लेकर कहा, हमारे समूह ने हमेशा सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता दी है। चाहे वह शिक्षा, स्वास्थ्य या बुनियादी सेवाओं के क्षेत्र में हो, हम अपने शहर की बेहतरी में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गांधी चौक का पुनर्निर्माण हमारी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।


अन्य पोस्ट