सरगुजा

इंजीनियरिंग कॉलेज प्राचार्य पर कई आरोप, एबीवीपी की बेमुद्दत हड़ताल, कार्रवाई के आश्वासन पर माने
04-Oct-2024 10:35 PM
इंजीनियरिंग कॉलेज प्राचार्य पर कई आरोप, एबीवीपी की बेमुद्दत हड़ताल, कार्रवाई के आश्वासन पर माने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 4 अक्टूबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अंबिकापुर में अनिश्चितकालीन हड़ताल करते हुए कॉलेज प्राचार्य डॉ. आर एन खरे पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए। जांच कार्रवाई के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने हड़ताल समाप्त किया।

विद्यार्थी परिषद के प्रदेश तकनीकी सह प्रमुख गोपाल सिंह ने बताया कि कॉलेज की स्थापना वर्ष 2010 में हुई थी, और प्राचार्य पर 30 करोड़ रुपए के घोटाले और अन्य आर्थिक अनियमितताओं का आरोप लगाया जा रहा है।

छात्रों का कहना है कि प्राचार्य ने मनमाने तरीके से 500 रुपए प्रतिदिन की लेट फीस वसूली कर छात्रों को परेशान किया है। इसके अलावा, कॉलेज में बुनियादी सुविधाएं ठीक से नहीं दी जा रही हैं, जिससे छात्रों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल में शामिल नगर मंत्री सत्येंद्र मिश्रा ने कहा, हम प्राचार्य को तत्काल हटाने की मांग कर रहे हैं ताकि छात्रों को सभी सुविधाओं का लाभ मिल सके। कॉलेज में उचित व्यवस्थाओं की कमी है और प्राचार्य का छात्रों के प्रति व्यवहार भी ठीक नहीं है।

विद्यार्थी परिषद के नगर सह मंत्री अस्तिक सिंह ने बताया कि विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य के द्वारा की जा रही मनमानी को समाप्त करने और कॉलेज में सुधार की मांग की है। प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा छात्रों को मानसिक रूप से प्रताडि़त भी किया जाता है।

हड़ताल के दौरान रात्रि 7 बजे विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि प्राचार्य के ऊपर विश्वविद्यालय परिषद की बैठक में जांच कमेटी बैठाने का निर्णय लिया जाएगा। आश्वासन के बाद विद्यार्थी परिषद ने अनिश्चितकालिन आंदोलन को समाप्त किया।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news