रायगढ़

सदस्यता के आंकड़ों से ही निकाय-पंचायत चुनाव की दावेदारी तय होगी- ओपी चौधरी
05-Oct-2024 7:34 PM
सदस्यता के आंकड़ों से ही निकाय-पंचायत चुनाव की दावेदारी तय होगी- ओपी चौधरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 अक्टूबर। रायगढ़ जिला भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर गंभीर नजर आ रही हैं जिसके तहत गत 3 अक्टूबर को रायगढ़ विधानसभा की समन्वय बैठक रखी गई थी। बैठक की शुरुआत भारत माता की आरती से गई, तत्पश्चात पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं अटल बिहारी बाजपेई जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

बैठक में सदस्यता अभियान को लेकर मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सदस्यता अभियान के मंडल संयोजकों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से चर्चा कर जानकारी एकत्र की गई। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव के वर्तमान जनप्रतिनिधि को आगामी चुनाव में दोबारा अधिकृत करने से पहले पार्टी के प्रति उनकी समर्पण और निष्ठा को आवश्यक रूप से देखा जाएगा। वर्तमान जनप्रतिनिधियों को अवसर देने से पहले उनके मूल्यांकन का आधार उनके द्वारा बनाए गए सदस्यता के आंकड़े से होगा। उसके बाद ही किसी नेता की सिफारिश काम आएगी अर्थात पार्टी के प्रति जिसका योगदान ज्यादा होगा उसे पहले प्राथमिकता दी जायेगी, इसलिए सदस्यता अभियान हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण अभियान है इसमें हम सभी को अहम भूमिका निभाते हुए हमें अपने अपने बूथों में अधिक से अधिक सदस्य बनाना है साथ ही सरकार की योजनाओं से लाभांवित हुए लोगों से संपर्क कर उन्हें अभियान से जुडऩे का निवेदन करना है।

इस दौरान बैठक में मौजूद रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि भाजपा द्वारा पिछले सदस्यता अभियान में 18 करोड़ सदस्य बने थे पर इस बार हमारा लक्ष्य पिछले बार से कहीं ज्यादा है, इसीलिए हम सभी कार्यकर्ताओं को पहले से अधिक मेहनत करने की जरूरत है और लोगों से अपील करना है कि वो राष्ट्रहितों के लिए भाजपा को अपना साथ दे और भाजपा का सदस्यता ग्रहण कर राष्ट्र को प्रगति के पथ पर और तेजी से अग्रसर करने में अपना योगदान देवें।

जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को बताया कि रायगढ़ विधानसभा को सत्तर हजार एवं जिले को तीन लाख पच्चीस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस बार हमारा लक्ष्य पिछले बार से ज्यादा है इसलिए हमें भी ज्यादा मेहनत करना है और मुझे भरोसा है की रायगढ़ विधानसभा एवं जिला जल्द निधार्रित लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। 

सदस्यता अभियान के जिला संयोजक विकास केडिया ने बैठक में उपस्थित मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सदस्यता अभियान के मंडल संयोजकों से चर्चा कर मंडलों में चल रही अभियान की विस्तृत जानकारी लेने के साथ साथ सदस्यता अभियान के दूसरे चरण की आगामी कार्य योजनाओं पर भी विस्तार में चर्चा किया। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल में दो सौ सक्रिय सदस्य बनाना अनिवार्य है। 

इस दौरान पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुरुपाल सिंह भल्ला, अजजा मोर्चा सदस्य श्रीकांत सोमावार द्वारा भी बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। बैठक का संचालन भाजपा के वरिष्ठ पार्षद पंकज कंजरवाल द्वारा एवं आभार प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य रुप से विधानसभा समन्वय समिति, नगर निगम के पार्षदगण, मंडल महामंत्री, सदस्यता अभियान के मंडल संयोजक, सदस्यता टोली और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित हुए।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news