बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्तर पर इम्पैक्ट लीडर एवं चेंज मेकर को सम्मानित करने के लिए नई दिल्ली इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एक भव्य सम्मान समारोह में अल्ट्राटेक रावन सीमेंट सीएसआर हेड विनोद श्रीवास्तव को प्रतिष्ठित ‘महात्मा अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान किरण बेदी, उपराज्यपाल पुडुचेरी, पहली भारतीय महिला आईपीएस अधिकारी एवं अमित सचदेवा, फाउंडर महात्मा फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया। इस सम्मान समारोह के आयोजन में मुख्य सहयोगी आदित्य बिरला ग्रुप, महात्मा फाउंडेशन, यू. एन. डी. पी, फिक्की की भागीदारी रही।
इस सम्मान समारोह में अल्ट्राटेक रावन सीएसआर हेड विनोद श्रीवास्तव को सीएसआर के क्षेत्र में उनके 36 वर्षों के अनवरत योगदान के लिए महात्मा अवार्ड फॉर यंग चेंज मेकर से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर अल्ट्राटेक रावन सीमेंट यूनिट प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया है।
इसी सम्मान समारोह में देश के ख्याति प्राप्त व्यक्तियों को महात्मा लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया जिसमे सुधा मूर्ति, अनु डागा, बनकर रॉय , डॉ. प्रताप सी रेड्डी, डॉ सोनल मानसिंह, जतिन दास, डॉ. रामा चंद्र गाल्ला इत्यादि शामिल थे तथा महात्मा अवार्ड फॉर लीडरशिप से रति फोर्ब्स एवं स्मिनू जिंदल को सम्मानित किया गया।
इस पुरस्कार को हर वर्ष अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है। इसके लिए बहुप्रतिष्ठित व्यक्तियों एवं जूरी का दल पुरस्कार हेतु चयनित करता है।
महात्मा अवार्ड वैश्विक सामाजिक प्रभावी व्यक्तियों एवं परिवर्तनकर्ताओं को दिया जाता है। उन व्यक्तियों और संगठनों को सम्मानित करता है जो एक न्यायपूर्ण, स्थायी और करुणामय भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों में स्थिरता, परोपकार, साझा मूल्य और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व में उत्कृष्टता को चिन्हित करता है। गरीबी और भूख को लेकर महिलाओं को सशक्त बनाने, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, साहित्य, कला और संस्कृति, पत्रकारिता, शांति और न्याय को बढ़ावा देने और जलवायु परिवर्तन से लडऩे तक, यह पुरस्कार समाज पर स्थायी प्रभाव डालने वालों को दिया जाता है। महात्मा पुरस्कार की स्थापना एक गांधीवादी और भारतीय वकील अमित सहदेवा द्वारा की गई है तथा यह गांधी की चिरस्थायी विरासत के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में परोपकारी राजश्री बिड़ला, आदित्य बिड़ला समूह द्वारा समर्थित है।