सरगुजा

एक्ट्रेस सुधा चंद्रन ने डांडिया में बिखेरे रंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 10 अक्टूबर। अम्बिकापुर के राजमोहिनी देवी भवन में नगर के चिरपरिचित युवाओं अधिवक्ता डी.के. सोनी (टाइटल स्पॉन्सर),राहुल गोयल (जय हनुमान कोल डिपो),राममोहन अग्रवाल (होटल ग्रैंड बसंत),विजय अग्रवाल (अपेक्स एसोसिएट), और हर्षा तायल और अमन तायल (ए एच इवेंट )के तत्वावधान में सांस्कृतिक मान्यताओं के अनुरूप भव्य डिस्को डांडिया सीजन वन का आयोजन किया गया था।
डिस्को डांडिया सीजन वन का एक दिवसीय आयोजन स्थानीय राजमोहिनी देवी भवन में किया गया।उक्त कार्यक्रम की शुरुवात मुख्य अतिथि महापौर अजय तिर्की ने दीप प्रज्वलित कर किया। डिस्को डांडिया के पहले सीजन में विशेष रूप से देश की जानी-मानी फिल्म एक्ट्रेस व डांसर सुधा चंद्रन (नाचे मयूरी फेम) अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। उन्होंने अंबिकापुर की डांडिया खेलने आए माता बहनों को भी संबोधित किया तथा मंच पर डांडिया कर लोगों को डांडिया नृत्य करने पर मजबूर कर दिया।
देश की प्रसिद्ध एंकर रिमझिम दुबे ने भी डिस्को डांडिया कार्यक्रम का संचालन ऐसा किया कि लोग डांडिया की मस्ती में खो गए।
आयोजक व नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता डी के सोनी ने बताया कि डिस्को डांडिया सीजन वन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नगर वासियों के लिए बहुत ही कम शुल्क निर्धारित किया गया था जिससे डांडिया कार्यक्रम में 5000 से अधिक संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। उक्त डांडिया कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि सभी वर्ग के परिवार के लोगों को डांडिया नाइट में शामिल होकर उन्हें भी बड़े शहरों की तर्ज पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिले। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल भी शामिल हुए।