सरगुजा

साइबर जागरूकता अभियान, कॉलेज छात्रों को किया जागरूक
10-Oct-2024 10:16 PM
साइबर जागरूकता अभियान, कॉलेज छात्रों को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 10 अक्टूबर। सरगुजा पुलिस द्वारा के.आर. टेक्निकल कॉलेज अम्बिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर जागरूकता अभियान के तहत जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई, जैसे साइबर धोखाधड़ी, हनी ट्रैप, साइबर बुलिंग, अभिव्यक्ति ऐप, और 1930 साइबर हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा, www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया गया, जिससे छात्र-छात्राएं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रह सकें और किसी भी अनहोनी की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने वर्तमान समय मे साइबर जागरुकता से होने वाले सकारात्मक लाभ के बारे में जानकारी देते हुए साइबर अपराध के जागरूकता अभियान को सार्थक बताया।

छात्र छात्राओं को महिला सुरक्षा सम्बन्धी जानकारी दी गई। साइबर वॉलंटियर श्रुति तिवारी, अतुल गुप्ता, और विक्की गुप्ता भी उपस्थित थे, जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को बताया कि साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हैं।

इस जागरूकता अभियान के माध्यम से सरगुजा पुलिस का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे में मदद करना है। इस प्रकार के प्रयासों से छात्रों के मन में साइबर सुरक्षा के प्रति समझ बढ़ती है और वे अपने डिजिटल जीवन को अधिक सुरक्षित बना सकते हैं।


अन्य पोस्ट