विस चुनाव के लिए अभी से कार्यकर्ताओं को कमर कसने का आव्हान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 24 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला सुकमा की कार्यसमिति बैठक 23 नवम्बर को सम्पन्न हुई। बैठक में विशेष रूप से भाजपा के प्रदेश महामंत्री किरण देव उपस्थित हुए । भाजपा जिलाध्यक्ष हूँगाराम मरकाम की अध्यक्षता में बैठक की कार्यवाही सम्पन्न हुई।
भाजपा प्रदेश महामंत्री किरण देव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन की महत्ता बताते हुए विस्तार से जानकारी दी। भाजपा प्रदेश महामंत्री किरन देव के सुकमा दौरा से कार्यकर्ताओं में जोश एवं खुशी की लहर थी। संगठन के अनेकों विषयों पर चर्चा करते हुए 2023 विधानसभा चुनाव हेतु अभी से पदाधिकारियों/कार्यकर्ताओं को कमर कसने को कहा व संगठन की अन्य जानकारी सभी पदाधिकारियों से ली।
जिलाध्यक्ष हूँगाराम मरकाम ने भी कार्यकर्ताओं में अपने भाषण से जोश भर दिया। उन्होंने भाजपा प्रदेश महामंत्री किरण देव को संगठन के कार्य की विस्तार से जानकारी देते हुए 2023 विधानसभा चुनाव जीतने का भरोसा दिलाया।
पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज देव ने भी अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि सुकमा जिला में भाजपा के कार्यकर्ता संगठन के हित में अच्छा कार्य कर रहे हैं, इसका फायदा निश्चित रूप से 2023 विधानसभा में मिलेगा। हम सब को आपसी समन्वय बना कर आज से ही कार्यकर्ताओं को बल देने हेतु निरंतर आखरी पंक्ति में खड़े कार्यकर्ता से सम्पर्क बना कर रखना चाहिए।
प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य धनीराम बारसे ने कहा कि सुकमा जिला में भारतीय जनता पार्टी बहुत मजबूत है हमारे पास कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है। हमारे कार्यकर्ता न डर रहे है न अपने दायित्व से भाग रहे हैं, 2023 विधानसभा में इसका फायदा जरूर मिलेगा।
वरिष्ठ भाजपाई पीलूराम यादव कार्यकर्ताओं का जोश देख कर गदगद हो गए और बोले ये भारतीय जनता पार्टी है जो कार्यकर्ताओं से चलती है न कि नेताओं से जिसका परिणाम है कि आज हमारी पार्टी मजबूती के साथ उभर रही है। बैठक में मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री महेन्द्र सिंह भदौरिया ने किया एवं बैठक के अन्त में भाजपा जिला महामंत्री संजय शुक्ला ने आभार प्रकट कर बैठक समापन की घोषणा की।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हूँगाराम मरकाम सहित प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य धनीराम बारसे, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज देव, वरिष्ठ भाजपाई पीलूराम यादव, अरुण सिंह भदौरिया, जिला महामंत्री द्वय महेन्द्र सिंह भदौरिया, संजय शुक्ला, जिलाउपाध्यक्ष पार्वती प्रधानी, कोसी ठाकुर, विश्वराज सिंह चौहान, बहादुर सिंह ठाकुर, जी. साईं रेड्डी, आयताराम मण्डावी, जिला कोषाध्यक्ष उपेन्द्र अंशु सिंह चौहान, जिपं सदस्य बारसे माड़े, सुकमा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष डमरू राम व अन्य पदाधिकारी/कार्यकारिणी सदस्य एवं नगरपालिका/नगरपंचायत पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक आयोजन में विशेष सहयोग जिला मीडिया प्रभारी ऋषभ किशोर गुप्ता, जिला मंत्री भुनेश्वरी यादव, जिला मंत्री संजय सोढ़ी, सुकमा वार्ड क्र. 12 पार्षद चन्द्रिका गुप्ता, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मडक़म भीमा, भाजयुमो जिला कार्यालय मंत्री राजकुमार कश्यप, गोनेल शंकर राव, भाजपा जिला कार्यालय व्यवस्थापक सुरेन्द्र यादव का प्राप्त हुआ।