‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 नवम्बर । प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 दिसंबर से शुरू हो जाएगी। कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। जिले में इस वर्ष कुल 52 समितियों के अन्तर्गत 64 उपार्जन केन्द्रों में पंजीकृत 32 हजार 913 किसानों की धान की खरीदी होगी। धान खरीदी के इस महा अभियान में केवल वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे की धान की खरीदी करने एवम धान की अवैध खरीदी को रोकने हेतु जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किये गए हैं। कोरोना को देखते हुए धान खरीदी केन्द्रों में सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य तौर पर पालन करने के साथ ही सेनेटाईजर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। धान खरीदी केन्द्रों में आने वाले सभी किसानों को भी मास्क का उपयोग करना जरुरी होगा।
धान खरीदी के लिए चार और स्थान निर्धारित
बस्तर जिले में इस वर्ष मंगनार, मधोता, एरपुण्ड और तिरिया में भी धान खरीदी होगी।