बस्तर

भ्रष्टाचार की जननी है कांग्रेस- विष्णुदेव साय
20-Jan-2021 9:50 PM
भ्रष्टाचार की जननी है कांग्रेस- विष्णुदेव साय

कांग्रेस सरकार से जनता त्रस्त
किसानों पर अत्याचार के खिलाफ भाजपा करेगी कलेक्ट्रेट का घेराव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 जनवरी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है, देश में कांग्रेस की दुर्गति इसी कारण से हुयी है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की झूठी सरकार ने 2 साल में ही छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। लोग कांग्रेस शासन में त्रस्त हैं, जो अब सरकार के खिलाफ बोलने भी लगे हैं। भाजपा कार्यकर्ता वर्ष 2023 का लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें, प्रदेश में भाजपा का परचम फिर लहराएगा। किसानों के साथ हो रहे अन्याय व धान खरीदी में निरंतर गड़बड़ी को लेकर भाजपा ने शंखनाद कर दिया है। आगामी 22 जनवरी को प्रदेशव्यापी आह्वान पर समस्त जिलों में भाजपा रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी व गिरफ्तारियां भी देगी।

बस्तर प्रवास पर आये भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री साय ने आज भाजपा जिला कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक ली। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि भाजपा विचारधारा से जुड़ी पार्टी है, जिसकी रीढ़ सम्मानीय कार्यकर्ता हैं। ऐसी पार्टी के कार्यकर्ता होने का हमें गौरव महसूस होना चाहिए। वर्तमान में सत्तासीन कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को चारागाह बना दिया है। हर क्षेत्र में माफिया का राज है। भाजपा कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर जाकर कार्य करें और पुन: प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य सामने लेकर चलें। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री साय ने बस्तर के पूर्व सांसद स्व. बलीराम कश्यप को याद किया व उनकी कार्यशैली से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेने कहा।

प्रदेश महामंत्री किरण सिंह देव ने कहा कि प्रदेश की समस्त व्यवस्थाएं ठप हो चुकी है। ऐसी नकारा कांग्रेस सरकार के विरूद्ध भाजपा कार्यकर्ता एकजुटता से आगे आएं।

बस्तर जिला प्रभारी लोकेश कावडिय़ा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री संगठन व हमारे बड़े नेताओं पर अभद्र टिप्पणी करने पर उतारू हो गए हंै। भाजपा कार्यकर्ता 22 जनवरी को अपने प्रदर्शन से इसका जवाब देंगे।

प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन में छत्तीसगढ़ का किसान दाने-दाने को मोहताज हो गया है। पेट पालने वालों की पीठ पर लात मारने का काम यह सरकार कर रही है। दंभी कांग्रेस सरकार को जवाब देने का समय अब आ गया है। हमारे कार्यकर्ता 22 जनवरी को होने वाले विरोध प्रर्दशन में माकूल जवाब देंगे।

पूर्व सांसद दिनेश कश्यप व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी ने भी बैठक को संबोधित किया व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रामाश्रय सिंह ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद्र भंजदेव, बैदुराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी, राजाराम तोड़ेम, लच्छूराम कश्यप, श्रीमती वेदवती कश्यप, मनीराम कश्यप, योगेन्द्र पाण्डे, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, रघुवंश श्रीवास्तव, वेदप्रकाश पाण्डे, रजनीश पानीग्राही, नरसिंह राव, संजय पाण्डे, सुरेश गुप्ता सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news