सरगुजा

कांग्रेस सरकार लगातार वादाखिलाफी और विश्वासघात का नया रिकॉर्ड बनाती जा रही है- देवांगन
20-Jan-2021 10:52 PM
कांग्रेस सरकार लगातार वादाखिलाफी और विश्वासघात का नया रिकॉर्ड बनाती जा रही है- देवांगन

किसानों से वादाखिलाफी के विरोध में 22 को कलेक्टोरेट का घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 20 जनवरी।
छत्तीसगढ़ सरकार 2 साल में विफलता के सारे कीर्तिमान हासिल कर चुकी है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार किसान विरोधी सरकार है। यह प्रदेश के किसानों के साथ लगातार अन्याय कर रही है। हालात इतने खराब हैं कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के क्षेत्र में भी किसान आत्महत्या कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार लगातार वादाखिलाफी और विश्वासघात का नया रिकॉर्ड बनाती जा रही है। इस सरकार के सारे वादे झूठे हैं, किसी भी वादे को इन्होंने पूरा नहीं किया। उक्त बातें छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक लखन लाल देवांगन ने बुधवार को अंबिकापुर नगर के भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।

श्री देवांगन ने आगे कहा कि प्रदेश भाजपा लगातार सडक़ से सदन तक किसानों के मामलों को उठाती रही है। पार्टी ने सतत आंदोलनों धरना प्रदर्शन समेत तमाम लोकतांत्रिक उपायों का सहारा लेकर किसानों की समस्याओं पर भूपेश सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की कोशिश करती रही है, लेकिन सत्ता के अहंकार में कांग्रेस की यह सरकार कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। इस महीने 13 जनवरी को भाजपा ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र में काफी बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन आयोजित किए थे। इस अभियान में भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता से कार्यकर्ताओं व किसानों ने प्रदेश भर में शासन को जगाने का काम किया, फिर भी कांग्रेस सरकार समस्याओं से मुंह मोड़े हुए हैं। ऐसा लगा ही नहीं कि सरकार को अनदाताओं के संकट से कोई भी सरोकार है।

आगे कहा कि किसान शासकीय उपेक्षा से निराश हैं व आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आगामी 22 जनवरी को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टोरेट का घेराव करेगी। प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित इस अभियान में प्रदेश भाजपा के समग्र शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति रहेगी।

भाजपा ने मांग की है कि बारदाना के बहाने घोटाले बंद करें, रकबा चोरी बंद करो, पुराने रकबे को वापस किया जाए, किसानों के धान का एक-एक दाना सरकार खरीदी करें, किसानों का पूरा बकाया एकमुश्त भुगतान हो, बकाया बोनस का भी भुगतान सरकार शीघ्र करें। दिवंगत किसान के परिजनों को 25 लाख राशि मुआवजा दे। 

वार्ता के दौरान पूर्व सांसद कमलभान सिंह मरावी, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, नरेंद्र पाटनवार, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news