महासमुन्द

भाजपा का धरना-प्रदर्शन, कलेक्टोरेट घेरा
22-Jan-2021 6:01 PM
भाजपा का धरना-प्रदर्शन, कलेक्टोरेट घेरा

महासमुन्द, 22 जनवरी। आज दोपहर दो बजे स्थानीय लोहिया चौक में भाजपा का धरना-प्रदर्शन एवं कलेक्टोरेट घेराव कार्यक्रम के तहत सभा का आयोजन हुआ। सभा को जिले के भाजपा पदाधिकारियों सहित सांसद चुन्नी लाल साहू ने संबोधित किया। 

दोपहर 3 बजे सभा रैली में तब्दील हुई और कलेक्टोरेट की ओर बढ़ी। कलेक्टर कार्यालय के सामने पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भीतर प्रवेश से रोकने बैरिकेड्स लगाकर जवान तैनात किए थे। एएसपी मेघा टेम्भुरकर और एसडीओपी नारद सूर्यवंशी, लितेश सिंह, जिले के तमाम थाने चौकियों में पदस्थ थानेदार जवानों के साथ मोर्चा सम्भाले हुए थे। कलेक्टर कक्ष में कलेक्टर डोमन सिंह और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर नजर रखे हुए थे। जैसे ही रैली में शामिल भाजपाई कलेक्ट्रेट के मुख्य दरवाजे के सामने पहुंचे, युवा मोर्चा के सदस्यों ने बल प्रदर्शन शुरू कर दिया लेकिन पुलिस के जवानों ने भीड़ पर काबू पा लिया। आखिर में भीड़ कलेक्ट्रेट के सामने मैदान में जमा हुई और यहां लोगों ने गिरफ्तारी देना शुरू किया। यहां मैदान में लगभग 12 सौ लोगों की भीड़ थी, लेकिन अधिकांश लोगों ने गिरफ्तारियां नहीं दी।

सांसद चुन्नीलाल साहू किसान के वेश में धोती सलूखा पहन सिर में साफा बांधकर पहुंचे थे। भाजपा जिलाध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह गोल्डी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

ज्ञात हो कि आज का आंदोलन भाजपा ने राज्य सरकार पर धान खरीदी में हो रही अव्यवस्था, बोनस की राशि के भुगतान में बहानेबाजी, बारदाने के नाम पर किसानों को परेशान करने, गिरदावरी के नाम खेत का रकबा घटाए जाने, पिछले साल के धान का पैसा भुगतान न करने, आर्थिक बदहाली से तंग आकर प्रदेश के किसानों द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए किया। प्रदेश भाजपा के आव्हान पर जिला मुख्यालय महासमुन्द में इस जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट घेराव का कार्यक्रम आयोजित हुआ।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news