बस्तर
जगदलपुर, 22 जनवरी। बस्तर में धान खरीदी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। दोनों ही राष्ट्रीय दलों के नेता एक दूसरे पर किसानों के मुद्दे को लेकर आरोप लगाने में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को भाजपा के किसान आंदोलन को लेकर बस्तर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता की।
राजीव शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान और बस्तर के किसान कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। जिला अध्यक्ष का कहना है कि भाजपा अपने आप को किसानों की हितैषी बताती है, पर भाजपा ने 15 सालों में एक भी वादा पूरा नहीं किया। बीजेपी की रमन सरकार ने छत्तीसगढ़ में 15 साल के शासनकाल में किसानों के हित में एक भी फैसला नहीं लिया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि 15 सालों में ना किसानों को अच्छा बोनस दिया गया और ना ही उन्हें पांच घंटे बिजली मुफ्त दी गई। भाजपा आज सिर्फ किसानों के प्रति घडिय़ाली आंसू बहा रही है। इस दौरान उन्होंने नए कृषि कानून को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। राजीव शर्मा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के तीन दिवसीय बस्तर दौरे को लेकर भी उन पर निशाना साधा। कांग्रेस ने बीजेपी की तरफ से आंदोलनकारी किसानों को खालिस्तानी समर्थक बताए जाने पर भी हमला बोला है। ऐसे शब्दों के प्रयोग के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से उन्होंने माफी मांगने की मांग की है। ऐसे शब्दों के प्रयोग से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने, न केवल किसानों का बल्कि जनता और जनादेश का भी अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 14 सीटों पर बैठी है और ऐसे बयान से आने वाले चुनाव में वो 4 सीटों में ही सिमट कर रह जाएगा।